IWWA के 59वें वार्षिक सम्मेलन की मेजबानी करेगा रांची, जनवरी 2027 में होगा आयोजन

IWWA के 59वें वार्षिक सम्मेलन की मेजबानी करेगा रांची, जनवरी 2027 में होगा आयोजन

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Nov 22, 2025, 1:13:00 PM

इंडियन वाटर वर्क्स एसोसिएशन (IWWA) की काउंसिल ऑफ मैनेजमेंट की 26 अक्टूबर 2025 को गुवाहाटी में हुई अहम बैठक में रांची को IWWA के 59वें वार्षिक सम्मेलन की मेजबानी का दायित्व सौंपा गया। इस मेजबानी के लिए गोवा सेंटर भी मजबूत दावेदार था, परंतु विस्तृत मूल्यांकन और कड़ी प्रतिस्पर्धा के बाद रांची को इस प्रतिष्ठित आयोजन का अवसर प्रदान किया गया।

BIT मेसरा के सहयोग से होगा भव्य आयोजन
IWWA का 59वां वार्षिक सम्मेलन जनवरी 2027 में BIT मेसरा, रांची के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जाएगा। इस बड़े सम्मेलन में अनुमानित 800 से 1000 जल विशेषज्ञों, वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं, उद्योग जगत के प्रतिनिधियों और पेशेवरों के भाग लेने की उम्मीद है। कार्यक्रम में 150 से 200 प्रदर्शनी स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां जल तथा अपशिष्ट जल प्रबंधन की नवीनतम तकनीकों, शोधों और उत्पादों का प्रदर्शन होगा।

आयोजन समिति का हुआ गठन
बैठक के दौरान आयोजन समिति की घोषणा भी की गई। इंजीनियर उमेश मेहता को सर्वसम्मति से आयोजन समिति का अध्यक्ष चुना गया। इंजीनियर प्रमोद कुमार को आयोजन सचिव का दायित्व सौंपा गया, जबकि डॉ. कीर्ति अभिषेक और डॉ. सतीश कुमार संयुक्त आयोजन सचिव नियुक्त हुए।

मुख्यमंत्री रहेंगे मुख्य अतिथि
सम्मेलन में झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। साथ ही DWSD मंत्री योगेंद्र प्रसाद और शहरी विकास मंत्री सुदिव्य कुमार को विशिष्ट अतिथि के रूप में आमंत्रित करने का प्रस्ताव है।
कार्यक्रम का मुख्य जोर स्मार्ट और सतत जल प्रबंधन, तकनीकी सत्रों, प्रमुख व्याख्यानों, विशेषज्ञ पैनल चर्चाओं और शोध प्रस्तुतियों पर रहेगा।