मार्च से चालू होगा रांची स्टेशन का दक्षिणी प्रवेश द्वार

मार्च से चालू होगा रांची स्टेशन का दक्षिणी प्रवेश द्वार

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 29, 2026, 1:44:00 PM

रांची रेलवे स्टेशन से यात्रियों के लिए एक अहम सुविधा जल्द शुरू होने जा रही है। स्टेशन के दक्षिणी हिस्से में तैयार किया गया दूसरा प्रवेश द्वार मार्च महीने से नई स्टेशन बिल्डिंग के साथ पूरी तरह परिचालन में आ जाएगा। यह जानकारी रांची रेलमंडल के मंडल रेल प्रबंधक करुणानिधि सिंह ने साझा की।

डीआरएम ने बताया कि रांची रेलमंडल के अंतर्गत पिस्का, लोहरदगा और मुरी रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास अमृत भारत योजना के तहत किया जा रहा है। इन कार्यों के पूरा होने पर यात्रियों को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी और साथ ही रांची शहर के समग्र विकास को भी नई रफ्तार मिलेगी।

स्वास्थ्य सेवाओं के मोर्चे पर भी रेलमंडल ने कदम बढ़ाया है। मंडल रेल अस्पताल की क्षमता को 40 बिस्तरों से बढ़ाकर 60 बिस्तर कर दिया गया है, जिससे रेलकर्मियों और उनके आश्रितों को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

यात्रियों के आवागमन से जुड़े आंकड़ों पर नजर डालें तो जनवरी से दिसंबर 2025 के बीच रांची रेलमंडल से कुल 185.91 लाख यात्रियों ने सफर किया। यह संख्या पिछले वर्ष की समान अवधि में दर्ज 176.67 लाख यात्रियों की तुलना में 5.23 प्रतिशत अधिक है।

डीआरएम ने बताया कि यात्री परिवहन से रेलमंडल को 466.33 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है, जो पिछले वर्ष की अपेक्षा 4.60 प्रतिशत की वृद्धि दर्शाता है। यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए मंडल में 16 एटीवीएम फैसिलिटेटर तैनात किए गए हैं। इसके साथ ही रांची रेलवे स्टेशन पर जुलाई 2025 से और हटिया स्टेशन पर सितंबर 2025 से पारंपरिक क्लॉक रूम की जगह डिजिटल लगेज लॉकर सेवा भी शुरू की जा चुकी है।