रांची समेत कई जिलों में 17 मई तक आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी, 60 KMPH की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

रांची समेत कई जिलों में 17 मई तक आंधी-बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी, 60 KMPH की रफ्तार से चलेंगी हवाएं

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : May 12, 2026, 11:46:00 AM

झारखंड में मौसम इन दिनों लगातार करवट बदल रहा है। दिन के शुरुआती हिस्से में तेज धूप और उमस लोगों को परेशान कर रही है, लेकिन दोपहर ढलते ही कई जिलों में तेज हवाएं, गरज के साथ बारिश और बिजली गिरने की घटनाएं सामने आ रही हैं। मौसम विज्ञान केंद्र ने संकेत दिया है कि यह अस्थिर स्थिति अभी कुछ दिनों तक बनी रह सकती है और 17 मई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में इसी तरह का मौसम देखने को मिल सकता है।

मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश से लेकर हिमालयी क्षेत्र होते हुए पश्चिम बंगाल की दिशा में सक्रिय चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव झारखंड पर पड़ रहा है। इसी वजह से राज्य में अचानक मौसम बदलने की घटनाएं बढ़ गई हैं।

मंगलवार, 12 मई को राजधानी रांची सहित 13 जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। जिन जिलों में तेज आंधी और खराब मौसम की आशंका जताई गई है उनमें रांची, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, धनबाद, देवघर, जामताड़ा, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ शामिल हैं।

मौसम विभाग का अनुमान है कि इन इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। इसके साथ गरज-चमक, बारिश और वज्रपात की भी संभावना बनी हुई है।

वहीं पलामू और गढ़वा को छोड़कर बाकी जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में करीब 40 किलोमीटर प्रति घंटे की गति से हवाएं चल सकती हैं और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।

13 मई को भी जारी रहेगा खराब मौसम

13 मई को भी मौसम का तेवर नरम पड़ने की संभावना नहीं है। मौसम विभाग ने रांची समेत 12 जिलों में फिर से ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। रांची, खूंटी, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, बोकारो, धनबाद, जामताड़ा, गिरिडीह, देवघर और दुमका में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का खतरा जताया गया है।

इन जिलों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलने की संभावना है। प्रशासन और मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक रूप से बाहर नहीं निकलने की अपील की है।

14 मई को गढ़वा, पलामू, चतरा और लातेहार को छोड़कर झारखंड के अधिकांश हिस्सों में मौसम बिगड़ सकता है। दोपहर बाद बादल छाने, तेज हवा चलने और बारिश होने के संकेत दिए गए हैं। इस दौरान बिजली गिरने की आशंका भी बनी रहेगी। मौसम विभाग ने इसके लिए येलो अलर्ट जारी किया है।

इसके अगले दिन यानी 15 मई को पूरे राज्य में मौसम खराब रहने की संभावना जताई गई है। विभाग के अनुसार किसी भी जिले में अचानक तेज हवा, बारिश और गरज-चमक की स्थिति बन सकती है।

लोगों और किसानों को सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने नागरिकों से खराब मौसम के दौरान विशेष सावधानी बरतने को कहा है। खुले मैदान, पेड़ों और बिजली के खंभों के पास जाने से बचने की सलाह दी गई है, क्योंकि वज्रपात के दौरान हादसों की आशंका बढ़ जाती है।

दोपहिया वाहन चालकों को भी सतर्क रहने के लिए कहा गया है, क्योंकि तेज हवाओं और अचानक बारिश से सड़क पर नियंत्रण खोने का खतरा बढ़ सकता है। किसानों को खेतों में काम करते समय मौसम संबंधी ताजा जानकारी पर नजर रखने और खराब मौसम से पहले सुरक्षित स्थान पर पहुंचने की सलाह दी गई है।