रांची के सुखदेवनगर थाना क्षेत्र में एक युवक ने अपने साथ मारपीट, लूटपाट और जानलेवा हमले का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। मामले में छह लोगों को नामजद करते हुए लिखित शिकायत दर्ज कराई गई है, जिसके आधार पर पुलिस जांच में जुट गई है।
शिव शक्ति नगर, किशोरगंज निवासी विकास कुमार का कहना है कि 13 जुलाई 2026 की अहले सुबह करीब 3:30 बजे वह अपने घर के समीप स्थित गली से गुजर रहे थे। इसी दौरान पहले से मौजूद कुछ लोगों ने उनका रास्ता रोक लिया और उन पर हमला कर दिया। शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने लाठी और पत्थरों से वार किए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं।
पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया है कि हमले के दौरान उनकी सोने की चेन, मोबाइल फोन और नकद रुपये छीन लिए गए। इसके अलावा उनकी कार को भी नुकसान पहुंचाते हुए उसमें तोड़फोड़ की गई।
दर्ज शिकायत में आर्यन मेहता, अंश राज वर्मा, राज सिंह, विशाल और नवीन कुमार साहू सहित कुल छह लोगों को आरोपी बनाया गया है। विकास कुमार ने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने और लूटे गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है।
फिलहाल सुखदेवनगर थाना पुलिस शिकायत के आधार पर मामले की जांच कर रही है। पुलिस का कहना है कि सभी आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने और साक्ष्यों के परीक्षण के बाद ही की जा सकेगी।