रांची : गैलेक्सिया मॉल स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की चेतावनी, जांच में जुटी पुलिस

रांची : गैलेक्सिया मॉल स्थित पासपोर्ट कार्यालय को बम से उड़ाने की चेतावनी, जांच में जुटी पुलिस

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 06, 2026, 1:33:00 PM

राजधानी रांची में एक बार फिर बम धमकी से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इस बार रातू रोड के गैलेक्सिया मॉल में स्थित पासपोर्ट सेवा केंद्र को विस्फोट से उड़ाने की धमकी दी गई है। अज्ञात व्यक्ति ने ई-मेल के जरिए यह धमकी भेजी, जिसके बाद पुलिस महकमे में तुरंत हलचल मच गई।

सूचना मिलते ही कोतवाली डीएसपी प्रकाश सोए के नेतृत्व में पुलिस बल और बम निरोधक दस्ते (BDS) की टीम मौके पर पहुंची। इसके बाद पूरे पासपोर्ट कार्यालय परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया। टीम ने दफ्तर के हर हिस्से की बारीकी से जांच की, हालांकि अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, धमकी भरे ई-मेल की भी तकनीकी जांच की जा रही है ताकि भेजने वाले की पहचान की जा सके।

गौरतलब है कि इससे पहले भी पिछले सप्ताह रांची सिविल कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस मामले में भी अज्ञात व्यक्ति ने ई-मेल भेजकर आरडीएक्स से विस्फोट करने की बात कही थी। उस समय भी पुलिस और जिला प्रशासन अलर्ट मोड में आ गए थे और कोर्ट परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई थी।

लगातार मिल रही इन धमकियों के कारण राजधानी में सुरक्षा एजेंसियां अतिरिक्त सतर्कता बरत रही हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।