रांची : पुंदाग में पेट्रोल पंप पर सशस्त्र लूट, स्कूटी सवार छह बदमाश 59 हजार लेकर फरार

रांची : पुंदाग में पेट्रोल पंप पर सशस्त्र लूट, स्कूटी सवार छह बदमाश 59 हजार लेकर फरार

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 23, 2026, 10:24:00 AM

राजधानी रांची के पुंदाग ओपी क्षेत्र में रविवार शाम एक पेट्रोल पंप पर हथियारबंद अपराधियों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया। साहू चौक स्थित दीना पेट्रोल पंप पर पहुंचे छह बदमाशों ने कर्मचारियों को डराकर नकदी लूट ली और मौके से फरार हो गए।

जानकारी के अनुसार, दो स्कूटी पर सवार होकर आए अपराधियों ने पहले सामान्य ग्राहकों की तरह पेट्रोल लेने का बहाना बनाया। उन्होंने पंप पर मौजूद महिला नोजल कर्मियों के पास अपनी गाड़ी रोकी, जिससे किसी को शुरुआती तौर पर संदेह नहीं हुआ। लेकिन कुछ ही देर में बदमाशों ने पिस्टल और चाकू निकालकर कर्मचारियों को धमकाना शुरू कर दिया, जिससे वहां मौजूद स्टाफ घबरा गया।

इस दौरान अपराधियों ने बिक्री की राशि से भरा बैग अपने कब्जे में ले लिया और तेजी से भाग निकले। घटनास्थल पर मौजूद लोग स्थिति को समझ पाते, उससे पहले ही सभी आरोपी हथियार लहराते हुए फरार हो चुके थे।

सूचना मिलने पर पुंदाग पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पेट्रोल पंप कर्मियों के मुताबिक, लुटेरे करीब 59 हजार रुपये नकद लेकर भागे हैं। पुलिस तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने की कोशिश में जुटी है।

प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया है कि बदमाशों ने अपनी स्कूटी के नंबर प्लेट को टेप से ढक रखा था, ताकि उनकी पहचान न हो सके। पुलिस का मानना है कि अगर जांच के दौरान ऐसे वाहनों पर नजर रखी जाती, तो संभवतः इस घटना को रोका जा सकता था। फिलहाल मामले की हर पहलू से जांच जारी है।