रफ्तार बनी काल! लखनऊ में भोजपुरी अभिनेता, मेरठ में बुजुर्ग की दर्दनाक मौत

रफ्तार बनी काल! लखनऊ में भोजपुरी अभिनेता, मेरठ में बुजुर्ग की दर्दनाक मौत

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jul 22, 2026, 12:56:00 PM

उत्तर प्रदेश में तेज रफ्तार वाहनों की वजह से होने वाले सड़क हादसे लगातार चिंता बढ़ा रहे हैं। मंगलवार को राजधानी लखनऊ और मेरठ से सामने आए दो अलग-अलग हादसों ने दो परिवारों की खुशियां छीन लीं। लखनऊ में एक भीषण सड़क दुर्घटना में भोजपुरी फिल्म अभिनेता एवं निर्देशक की मौत हो गई, जबकि उनके साथ मौजूद युवक गंभीर रूप से घायल है। वहीं मेरठ में फैक्ट्री से घर लौट रहे एक बुजुर्ग कर्मचारी की कैंटर की चपेट में आने से मौके पर ही जान चली गई।

जानकारी के अनुसार, कुशीनगर के मूल निवासी 26 वर्षीय रोहित शर्मा अपने परिवार के साथ लखनऊ के चिनहट क्षेत्र में रहते थे। वे भोजपुरी फिल्मों में अभिनय और निर्देशन से जुड़े होने के साथ आईटीआई के द्वितीय वर्ष के छात्र भी थे। सोमवार को वह अपने मित्र शोभित के साथ मलिहाबाद में एक फिल्म की शूटिंग के लिए गए थे।

मंगलवार तड़के करीब चार बजे दोनों बाइक से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान गुडंबा थाना क्षेत्र में रिंग रोड पर टीवीएस शोरूम के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक डिवाइडर पार कर गलत दिशा से उनकी ओर आ गया और बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।

हादसा इतना भयावह था कि रोहित के सिर और पैरों में गंभीर चोटें आईं तथा हेलमेट भी पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस दोनों घायलों को तत्काल राम मनोहर लोहिया अस्पताल लेकर पहुंची, जहां चिकित्सकों ने रोहित को मृत घोषित कर दिया। वहीं शोभित का इलाज गंभीर हालत में जारी है।

रोहित के परिजनों के मुताबिक, घर की आर्थिक जिम्मेदारियों के कारण उन्होंने कुछ समय के लिए फिल्म निर्देशन का काम छोड़ दिया था। हाल ही में उन्हें फिर से काम मिलने लगा था और वे अपने करियर को नई दिशा देने की तैयारी में थे। उनके पिता फर्नीचर का व्यवसाय करते हैं। बेटे की असमय मौत की खबर मिलने के बाद परिवार में मातम छा गया। पुलिस का कहना है कि ट्रक और उसके चालक की पहचान कर ली गई है तथा जल्द गिरफ्तारी की जाएगी।

उधर मेरठ के परतापुर थाना क्षेत्र में भी तेज रफ्तार ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। मोदीनगर के संजयपुरी रोड निवासी 69 वर्षीय लख्मीचंद्र गगोल रोड स्थित कनोहर फैक्ट्री में कार्यरत थे। सोमवार शाम ड्यूटी पूरी करने के बाद वह साइकिल से अपने घर लौट रहे थे।

दिल्ली-मेरठ मार्ग पर संगम चौक के पास पीछे से आए एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी साइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही वह सड़क पर गिर पड़े और कैंटर का पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

दुर्घटना के बाद कैंटर चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। हादसे के कारण दिल्ली रोड पर कुछ समय के लिए लंबा जाम लग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर उनकी पहचान कर परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार चालक की तलाश की जा रही है।