पूर्व मंत्री आलमगीर आलम को SC से राहत मिलने पर कांग्रेस में खुशी, आलोक दूबे ने न्यायपालिका पर जताया भरोसा

पूर्व मंत्री आलमगीर आलम को SC से राहत मिलने पर कांग्रेस में खुशी, आलोक दूबे ने न्यायपालिका पर जताया भरोसा

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : May 11, 2026, 3:14:00 PM

झारखंड सरकार के पूर्व मंत्री और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता आलमगीर आलम को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने के बाद प्रदेश कांग्रेस में सकारात्मक प्रतिक्रिया देखने को मिली है। प्रदेश कांग्रेस महासचिव आलोक कुमार दूबे ने इस फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि देश की न्यायिक व्यवस्था पर लोगों का विश्वास लगातार कायम है और अदालतों के निर्णय लोकतांत्रिक संस्थाओं की मजबूती को दर्शाते हैं।

आलोक दूबे ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में कई बार नेताओं को कठिन परिस्थितियों का सामना करना पड़ता है, लेकिन किसी भी जनप्रतिनिधि की असली पहचान उसके लंबे सामाजिक और राजनीतिक योगदान से होती है। उन्होंने कहा कि आलमगीर आलम लंबे समय से जनता के बीच सक्रिय रहे हैं और उनकी छवि एक सहज एवं लोगों से जुड़े नेता की रही है।

कांग्रेस नेता ने यह भी कहा कि आलमगीर आलम के जेल में रहने के दौरान भी जनता का भरोसा उनके परिवार और पार्टी की विचारधारा पर बना रहा। उन्होंने विधानसभा चुनाव का उल्लेख करते हुए कहा कि आलमगीर आलम की पत्नी को जनता ने भारी समर्थन देकर विजयी बनाया, जो उनके परिवार के प्रति लोगों के विश्वास को दर्शाता है।

दूबे ने दोहराया कि कांग्रेस पार्टी संविधान, लोकतांत्रिक परंपराओं और न्यायपालिका का सम्मान करती है। उनके अनुसार न्यायिक प्रक्रिया में आस्था रखना हर नागरिक और राजनीतिक दल की जिम्मेदारी है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में आलमगीर आलम फिर से सक्रिय राजनीति में भूमिका निभाएंगे और राज्य में विकास, सामाजिक समरसता तथा जनहित के मुद्दों को मजबूती से आगे बढ़ाएंगे।

प्रदेश कांग्रेस महासचिव ने कहा कि झारखंड की जनता हमेशा उन नेताओं का समर्थन करती रही है जो संघर्ष के रास्ते पर चलते हुए लोगों के हितों के लिए काम करते हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस पार्टी आगे भी सामाजिक न्याय, विकास और गरीबों के अधिकारों से जुड़े मुद्दों पर अपनी लड़ाई जारी रखेगी।