झारखंड स्थापना दिवस पर रजत जयंती समारोह की तैयारी तेज, एग्जीबिशन और इमर्सिव ज़ोन को लेकर हुई समन्वय बैठक

झारखंड स्थापना दिवस पर रजत जयंती समारोह की तैयारी तेज, एग्जीबिशन और इमर्सिव ज़ोन को लेकर हुई समन्वय बैठक

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Nov 13, 2025, 5:31:00 PM

इस वर्ष 15 नवंबर को झारखंड राज्य अपने स्थापना के 25 वर्ष पूरे करने जा रहा है। इस ऐतिहासिक अवसर को भव्य और यादगार बनाने के लिए राज्य सरकार ने ‘रजत जयंती वर्ष’ के रूप में विशेष आयोजन करने का निर्णय लिया है। इसी क्रम में सूचना भवन सभागार में गुरुवार को एक विशेष समन्वय बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता कल्याण आयुक्त सह एग्जीबिशन एवं इमर्सिव ज़ोन के नोडल पदाधिकारी कुलदीप चौधरी ने की।

बैठक में विभिन्न विभागों के नोडल पदाधिकारी उपस्थित रहे। इस दौरान राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर प्रस्तावित कार्यक्रमों की रूपरेखा और जिम्मेदारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।

दो दिवसीय रजत जयंती महोत्सव

राजधानी रांची के मोराबादी मैदान में 15 और 16 नवंबर को दो दिवसीय विशेष राज्य स्थापना दिवस महोत्सव का आयोजन होगा। इस दौरान राज्य के सभी सरकारी विभाग अपने-अपने प्रदर्शनी स्टॉल लगाएंगे, जिनमें आगंतुकों को सरकारी योजनाओं, उपलब्धियों और विकास कार्यों की जानकारी दी जाएगी।

मुख्य आकर्षण

महोत्सव का केंद्र बिंदु होगा भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और ‘दिशोम गुरु’ शिबू सोरेन की जीवन गाथा पर आधारित विशेष प्रदर्शनी, जो झारखंड के गौरवशाली इतिहास, संघर्ष और अस्मिता को प्रदर्शित करेगी। इसके अलावा, एक इमर्सिव ज़ोन भी बनाया जाएगा, जहां झारखंड की संस्कृति, परंपरा और विकास यात्रा पर आधारित फिल्में और डिजिटल प्रेजेंटेशन दिखाए जाएंगे।

आम जनता के लिए विशेष आकर्षण

महोत्सव परिसर में आने वाले नागरिकों को सरकार की विभिन्न योजनाओं और सेवाओं के बारे में जानकारी मिलेगी। इसके साथ ही यह आयोजन राज्यवासियों को झारखंड के संघर्षमय अतीत से लेकर उज्ज्वल भविष्य की झलक दिखाएगा।

बैठक में पर्यटन विभाग के उपनिदेशक राजीव कुमार, सहायक निदेशक ईशा खंडेलवाल, डॉ. असीम कुमार समेत कई विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।