पलामू में बिजली चोरों पर JBVNL का शिकंजा, 6 लोगों पर FIR दर्ज

पलामू में बिजली चोरों पर JBVNL का शिकंजा, 6 लोगों पर FIR दर्ज

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jul 16, 2026, 11:30:00 AM

झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड (JBVNL) ने बिजली चोरी पर अंकुश लगाने के लिए हुसैनाबाद थाना क्षेत्र में विशेष जांच अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। अभियान के दौरान अलग-अलग स्थानों पर अवैध रूप से बिजली का उपयोग करते पाए गए छह लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू की गई है। विभाग ने सभी आरोपितों पर भारतीय विद्युत अधिनियम, 2003 की धारा 135 के तहत मामला दर्ज कराया है और कुल 1.30 लाख रुपये का आर्थिक दंड भी लगाया है।

बिजली विभाग की जांच टीम ने अभियान के दौरान इमामबाड़ा के पिंटू कुमार चौरसिया, मकबरा रोड के बिट्टू कुमार गुप्ता, निमाहात के दिनेश पासवान और दीपु यादव, पथरा के विकास कुमार तथा दानिश अली को कथित रूप से अवैध बिजली उपयोग करते हुए पकड़ा। जांच पूरी होने के बाद सभी के खिलाफ हुसैनाबाद थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की विधिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई।

यह छापेमारी सहायक विद्युत अभियंता राम प्रसाद महतो के नेतृत्व में गठित टीम ने की। अभियान में कनीय विद्युत अभियंता सुधीर बांडो के साथ संतोष कुमार सिंह, राजकुमार यादव, बबन कुमार और अशोक मेहता भी शामिल रहे। टीम ने थाना क्षेत्र के विभिन्न इलाकों में जांच कर संदिग्ध कनेक्शनों की पड़ताल की।

बिजली विभाग का कहना है कि बिजली चोरी के खिलाफ चलाया जा रहा विशेष अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। कनीय विद्युत अभियंता सुधीर बांडो ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे केवल अधिकृत विद्युत कनेक्शन के माध्यम से ही बिजली का उपयोग करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिजली चोरी करने वालों के विरुद्ध भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।