77वें गणतंत्र दिवस पर झारखंड में गूंजा देशभक्ति का स्वर, जानें किसने कहां फहराया तिरंगा

77वें गणतंत्र दिवस पर झारखंड में गूंजा देशभक्ति का स्वर, जानें किसने कहां फहराया तिरंगा

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 26, 2026, 10:29:00 AM

77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर झारखंड पूरी तरह राष्ट्रभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया। राजधानी रांची से लेकर संताल परगना, कोल्हान और पलामू प्रमंडल तक सरकारी भवनों, पुलिस लाइनों, रेलवे परिसरों और औद्योगिक इकाइयों में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। उपायुक्तों, पुलिस अधीक्षकों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने तिरंगे को सलामी देते हुए संविधान की भावना और उसके मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश दिया।

राज्य के सभी 24 जिलों; दुमका, हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, पलामू, देवघर, धनबाद और गोड्डा में गणतंत्र दिवस समारोह भव्यता के साथ आयोजित किए गए। इन कार्यक्रमों में परेड, शहीदों को श्रद्धांजलि और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने उत्सव को और जीवंत बना दिया।

राजधानी रांची में गणतंत्र दिवस के मौके पर उपायुक्त आवास परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया। राष्ट्रगान के साथ झंडोत्तोलन करते हुए लोकतंत्र, स्वतंत्रता, समानता और न्याय जैसे संवैधानिक आदर्शों को स्मरण किया गया। इस अवसर पर नागरिकों से आह्वान किया गया कि वे संविधान के सिद्धांतों को अपनाकर सशक्त और समावेशी भारत के निर्माण में योगदान दें।

पलामू के पुलिस स्टेडियम में आयोजित जिला स्तरीय समारोह में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर ने झंडोतोलन किया। कार्यक्रम में आईजी शैलेन्द्र कुमार सिन्हा, डीआईजी किशोर कौशल, उपायुक्त समीरा एस और एसपी रीष्मा रमेशन सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

झारखंड की उपराजधानी दुमका में उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने गणतंत्र दिवस पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया और संयुक्त परेड की सलामी ली। विभिन्न विभागों की आकर्षक झांकियां भी निकाली गईं। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन विदेश दौरे के कारण इस वर्ष समारोह में शामिल नहीं हो सके।

सरायकेला-खरसावां जिले में बिरसा स्टेडियम में आयोजित मुख्य समारोह में उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह ने तिरंगा फहराया। इससे पहले उन्होंने एसपी मुकेश लुनायत के साथ परेड का निरीक्षण किया। दस प्लाटून की परेड और विभिन्न विभागों की झांकियों ने कार्यक्रम की शोभा बढ़ाई। इसके साथ ही समाहरणालय, एसपी कार्यालय, प्रखंड कार्यालय, जिला परिषद और पुलिस लाइन में भी ध्वजारोहण किया गया।