राज्यकर्मियों के लिए नई बैंकिंग सुविधा की शुरुआत, PNB और झारखंड सरकार के बीच वेतन खाता समझौता

राज्यकर्मियों के लिए नई बैंकिंग सुविधा की शुरुआत, PNB और झारखंड सरकार के बीच वेतन खाता समझौता

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 24, 2026, 5:57:00 PM

झारखंड मंत्रालय स्थित सभागार में आज आयोजित एक औपचारिक समारोह में राज्य सरकार और पंजाब नेशनल बैंक (PNB) के बीच राज्य सरकार कर्मचारियों के वेतन खाता पैकेज को लेकर समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर किए गए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन स्वयं उपस्थित रहे।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि पंजाब नेशनल बैंक का राज्य सरकार के साथ यह जुड़ाव एक नए सहयोगी अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने बताया कि सरकारी कर्मचारियों के वित्तीय लेन-देन को सुगम बनाने में बैंकों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है। साथ ही व्यापार, कृषि, ग्रामीण विकास और अन्य आर्थिक गतिविधियों में भी बैंकिंग संस्थानों का योगदान निर्णायक रहता है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि वित्तीय सेवाओं के अतिरिक्त बैंकों की सामाजिक जिम्मेदारियां भी होती हैं। इसी सोच के साथ राज्य सरकार ने पंजाब नेशनल बैंक के साथ यह समझौता किया है। मुख्यमंत्री ने भरोसा जताया कि बैंक इस साझेदारी के उद्देश्यों को प्रभावी ढंग से पूरा करेगा और इसका लाभ राज्यकर्मियों के साथ-साथ आम नागरिकों तक भी पहुंचेगा।

मुख्यमंत्री ने बताया कि इससे पूर्व भी राज्य सरकार विभिन्न बैंकों के साथ ऐसे समझौते कर चुकी है और उनके तहत योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने समारोह में मौजूद पंजाब नेशनल बैंक के अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए सफल सहयोग की कामना की।

इस कार्यक्रम में वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर, मंत्री डॉ. इरफान अंसारी, मंत्री संजय प्रसाद यादव, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह, मंत्री शिल्पी नेहा तिर्की, मुख्य सचिव अविनाश कुमार सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। पंजाब नेशनल बैंक की ओर से महाप्रबंधक आशीष कुमार चतुर्वेदी, मंडल प्रमुख रांची अवधेश झा और उप मंडल प्रमुख राकेश कुमार श्रीवास्तव सहित कई पदाधिकारी समारोह में शामिल हुए।