रांची: झारखंड में ग्रामीण विकास विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने हेमंत सोरेन सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो ने ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह को निशाने पर लेते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण विकास के बड़े-बड़े दावे तो करती है, लेकिन गांवों की जमीनी हकीकत सरकारी दावों की पोल खोल रही है। मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण और जल जीवन मिशन जैसी महत्वपूर्ण योजनाओं में सामने आई खामियां बताती हैं कि सरकार की निगरानी व्यवस्था और योजनाओं के क्रियान्वयन में गंभीर कमियां हैं।
प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो ने कहा कि नियंत्रक एवं महालेखा परीक्षक (कैग) की रिपोर्ट ने ग्रामीण विकास विभाग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। 11 अगस्त 2026 को झारखंड विधानसभा में पेश कैग की रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच मनरेगा के तहत प्रस्तावित 1,02,68,484 कार्यों में से केवल 27,96,044 यानी महज 27 प्रतिशत कार्य ही मार्च 2024 तक पूरे हो सके। वहीं 50,21,492 कार्य अधूरे पड़े रहे, जबकि इन पर 2,633 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके थे। यह आंकड़ा सरकारी योजनाओं की निगरानी और कार्यान्वयन की स्थिति को उजागर करता है।
भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता ने कहा कि सबसे चिंताजनक स्थिति मजदूरों की है। कैग रिपोर्ट के अनुसार, वर्ष 2019-20 से 2023-24 के बीच अकुशल मजदूरों की 321.84 करोड़ रुपये की मजदूरी मार्च 2025 तक बकाया थी। मनरेगा के अनिवार्य माप पुस्तिका और मस्टर रोल के रखरखाव में भी गंभीर कमियां पाई गईं। यहां तक कि बिना सत्यापित माप के भुगतान जारी होने के मामले भी सामने आए। ऐसे में सवाल है कि ग्रामीण मजदूरों के अधिकारों की जवाबदेही आखिर कौन लेगा?
प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की स्थिति पर सवाल उठाते हुए भाजपा प्रवक्ता रमाकांत महतो ने कहा कि कैग रिपोर्ट में 6.32 लाख पात्र ग्रामीण परिवारों के योजना से बाहर रहने की बात सामने आई है। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2016 से 2024 के बीच 15,92,124 आवास स्वीकृत हुए, लेकिन जनवरी 2025 तक 15,62,249 आवास ही पूरे हो सके। वहीं उपलब्ध 20,199.98 करोड़ रुपये के मुकाबले केवल 14,113 करोड़ रुपये खर्च किए गए। इससे योजना के वित्तीय प्रबंधन और पात्र लाभुकों की पहचान में खामियां उजागर होती हैं।
प्रदेश में जल जीवन मिशन का जिक्र करते हुए श्री महतो ने कहा कि राज्य में 98,067 योजनाएं स्वीकृत हुईं, लेकिन दिसंबर 2024 तक केवल 27,249 योजनाएं यानी 28 प्रतिशत ही पूरी हो सकीं। मार्च 2025 तक झारखंड के 62.53 लाख ग्रामीण परिवारों में से महज 55 प्रतिशत परिवारों को ही नल से जल का कनेक्शन मिल पाया, जबकि राष्ट्रीय औसत 80 प्रतिशत था।
भाजपा प्रवक्ता रमाकांत महतो ने ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह से सवाल किया कि आखिर ग्रामीण मजदूरों को समय पर मजदूरी, गरीबों को पक्का मकान और गांवों को बुनियादी सुविधाएं कब मिलेंगी? उन्होंने कहा कि मंत्री बैठकों में अधिकारियों को निर्देश देने और समीक्षा करने तक सीमित हैं, जबकि गांवों में योजनाओं की वास्तविक स्थिति का आकलन जरूरी है। सरकार को बताना चाहिए कि अधूरे कार्यों, लंबित भुगतान और योजनाओं की धीमी रफ्तार के लिए जिम्मेदार अधिकारियों और एजेंसियों पर क्या कार्रवाई हुई है।
प्रदेश प्रवक्ता रमाकांत महतो ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी जवाब मांगते हुए कहा कि ग्रामीण विकास केवल बजट आवंटन और घोषणाओं से नहीं होता, बल्कि योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचने से होता है। सरकार को कैग की आपत्तियों पर जवाब देना चाहिए और समयबद्ध तरीके से सुधारात्मक कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि हेमंत सरकार में ग्रामीण विकास का दावा और गांवों की वास्तविक तस्वीर एक-दूसरे से बिल्कुल अलग है।
रांची से सुजीत कुमार की रिपोर्ट