केंद्र सरकार के प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने संगठनात्मक कार्यकुशलता को और मजबूत करने के उद्देश्य से व्यापक स्तर पर अधिकारियों की तैनाती में बदलाव किया है। हाल ही में जारी आदेश के तहत अपर निदेशक (ADE) और संयुक्त निदेशक (JDE) स्तर के कई अधिकारियों का स्थानांतरण किया गया है, जबकि कुछ अधिकारियों को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गई हैं। इस फेरबदल के तहत रांची जोनल ऑफिस में नेतृत्व परिवर्तन किया गया है। यहां तैनात संयुक्त निदेशक अजय लुहाच को रायपुर स्थानांतरित कर दिया गया है, जबकि रायपुर में पदस्थ प्रभाकर प्रभात को रांची जोनल ऑफिस का नया ज्वाइंट डायरेक्टर बनाया गया है। स्थानांतरण सूची नए आदेश के अनुसार, अविनीश तिवारी को पणजी से चंडीगढ़ जोनल ऑफिस-I भेजा गया है। वहीं, राकेश कुमार सुमन को कोच्चि से लखनऊ जोनल ऑफिस की जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो 7 अप्रैल 2026 से प्रभावी होगी। मयंक पांडे को गुवाहाटी से मुंबई जोनल ऑफिस-I स्थानांतरित किया गया है। संयुक्त निदेशकों में भी बदलाव किए गए हैं। प्रभाकर प्रभात रायपुर से रांची पहुंचे हैं, जबकि अजय लुहाच को रांची से रायपुर भेजा गया है। मधुर डी. सिंह को मुख्यालय से गुरुग्राम जोनल ऑफिस में तैनाती दी गई है। इसके अलावा, राज कुमार को लखनऊ से वापस दिल्ली मुख्यालय बुलाया गया है। अतिरिक्त जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं ईडी ने कुछ अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा है। अभ्युदय ए. आनंद चेन्नई के साथ-साथ कोच्चि जोनल ऑफिस का कार्यभार भी देखेंगे। रमजान डागर को कोलकाता जोनल ऑफिस के अलावा मुख्यालय में प्रशासन और लेखा से जुड़े कार्यों की अतिरिक्त जिम्मेदारी दी गई है। गुवाहाटी में सत्यकाम दत्ता को जोनल ऑफिस-I के साथ जोनल ऑफिस-II का भी प्रभार सौंपा गया है। मधुर डी. सिंह गुरुग्राम के साथ श्रीनगर जोनल ऑफिस की जिम्मेदारी भी संभालेंगे। राज कुमार मुख्यालय में अपनी नई भूमिका के साथ अतिरिक्त प्रभार भी निभाएंगे। वहीं, अजय लुहाच को रायपुर जोनल ऑफिस के साथ पणजी जोनल ऑफिस का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया है।