नामकुम थाना हाजत में आरोपी की आत्महत्या के बाद बड़ा एक्शन, थाना प्रभारी समेत 7 पुलिसकर्मी निलंबित

नामकुम थाना हाजत में आरोपी की आत्महत्या के बाद बड़ा एक्शन, थाना प्रभारी समेत 7 पुलिसकर्मी निलंबित

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 06, 2026, 12:33:00 PM

रांची के नामकुम थाना हाजत में एक आरोपी द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने की घटना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीर मानते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) राकेश रंजन ने कड़ी कार्रवाई करते हुए थाना प्रभारी सहित सात पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया है। साथ ही दो चौकीदारों के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए उपायुक्त को अनुशंसा भेजी गई है।

ड्यूटी में लापरवाही पर कार्रवाई

हाजत की निगरानी में तैनात पुलिसकर्मियों की भूमिका पर सवाल उठने के बाद एसएसपी ने तत्काल कदम उठाया। निलंबित किए गए पुलिसकर्मियों में सहायक अवर निरीक्षक प्रभुवन कुमार, हवलदार सुधीर शर्मा, हवलदार गयानंद, आरक्षी मुकेश ठाकुर और राहुल प्रताप सिंह शामिल हैं। इसके अलावा चौकीदार रेहान अंसारी और महानंद टोप्पो के खिलाफ भी कार्रवाई की अनुशंसा की गई है। वहीं इंस्पेक्टर सह नामकुम थाना प्रभारी को निलंबित करने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है।

बुंडू थाना प्रभारी को सौंपी गई जांच

पूरे मामले की जांच बुंडू थाना प्रभारी रामकुमार वर्मा को दी गई है। पुलिस प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे भी सख्त कदम उठाए जा सकते हैं।

बच्चे के अपहरण और हत्या का आरोपी था

पुलिस के मुताबिक, साइको कुंडापूर्ती इलाके की एक महिला ने जगाई मुंडा नामक व्यक्ति पर अपने 12 वर्षीय बेटे रमेश हजाम के अपहरण और हत्या का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस ने रामगढ़ के घाटों भुईयाडीह जंगल से आरोपी को गिरफ्तार किया था। उसकी निशानदेही पर बच्चे का शव भी बरामद किया गया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसका महिला के साथ पिछले पांच-छह वर्षों से प्रेम संबंध था। बाद में उसकी पत्नी को इस संबंध की जानकारी मिल गई, जिसके बाद दोनों के बीच दूरी बन गई थी।

विवाद के बाद दी थी धमकी

पुलिस जांच में सामने आया कि 1 मार्च को बीआईटी मेसरा रेलवे लाइन के पास दोनों की मुलाकात हुई थी। इस दौरान किसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हो गई। गुस्से में आरोपी ने महिला को धमकी दी कि यदि वह किसी और से संबंध रखेगी तो उसके बेटे को जान से मार देगा।

इसके बाद आरोपी ने नामकुम के ब्यांगडीह स्थित नावामसकल स्कूल से बच्चे का अपहरण कर लिया। वह उसे बाइक से भुईयाडीह जंगल ले गया, जहां गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। पहचान छिपाने के उद्देश्य से उसने बच्चे के चेहरे को पत्थर से कुचल दिया था।

हाजत में फांसी लगाकर की आत्महत्या

गिरफ्तारी के बाद आरोपी को नामकुम थाना की हाजत में रखा गया था। इसी दौरान उसने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। घटना सामने आते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया और तत्काल जांच के आदेश दिए गए।

परिजनों ने बच्चों की जिम्मेदारी उठाने की मांग की

घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक की पत्नी पार्वती देवी और उनका बेटा सिंगा मुंडा रिम्स पहुंचे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद वे नामकुम थाना पहुंचे और डीएसपी मुख्यालय प्रथम अमर कुमार पांडेय से मुलाकात की।

इस दौरान पार्वती देवी ने प्रशासन से अपने तीन बच्चों की पढ़ाई और उनके भरण-पोषण की जिम्मेदारी उठाने की मांग की है। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है।