मंईयां सम्मान योजना: एक साथ आयेगी दो महीने की किस्त, जानें कब तक खातों में आयेंगे पैसे

मंईयां सम्मान योजना: एक साथ आयेगी दो महीने की किस्त, जानें कब तक खातों में आयेंगे पैसे

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Dec 13, 2025, 5:20:00 PM

मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभ ले रही महिलाओं के लिए बड़ी राहत की खबर है। योजना की 16वीं और 17वीं किस्त को लेकर चला आ रहा इंतजार अब समाप्त होने जा रहा है। राज्य सरकार ने निर्णय लिया है कि नवंबर और दिसंबर माह की सहायता राशि इस बार एक साथ महिलाओं के बैंक खातों में भेजी जाएगी।

इस फैसले के बाद लाभुक महिलाओं को कुल 5,000 रुपये की राशि एकमुश्त मिलेगी। पहले यह उम्मीद जताई जा रही थी कि नवंबर में राज्य स्थापना दिवस से पहले 2,500 रुपये जारी किए जाएंगे, लेकिन वह प्रक्रिया पूरी नहीं हो सकी। अब सरकार ने दोनों महीनों की किस्तें एक साथ जारी करने का निर्णय लेकर महिलाओं को बड़ी राहत दी है।

सरकारी सूत्रों के अनुसार, यह राशि क्रिसमस से पहले या उसी दिन, यानी 25 दिसंबर तक लाभुकों के खातों में ट्रांसफर कर दी जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं और जिलों में आवश्यक प्रक्रियाएं तेजी से निपटाई जा रही हैं। बताया जा रहा है कि वर्तमान में राज्यभर में लगभग 51 लाख महिलाएं इस योजना से जुड़ी हुई हैं।

गौरतलब है कि इससे पहले सितंबर माह की किस्त दुर्गा पूजा से पहले जारी की गई थी, जबकि अक्टूबर की राशि दीपावली और छठ महापर्व से पूर्व महिलाओं के खातों में भेजी गई थी।

यदि किसी लाभार्थी महिला को निर्धारित समय तक राशि प्राप्त नहीं होती है, तो उन्हें सबसे पहले अपने बैंक में जाकर यह सुनिश्चित करना चाहिए कि उनका खाता आधार से जुड़ा है या नहीं। इसके अलावा ई-केवाईसी यानी बायोमेट्रिक सत्यापन पूरा होना भी जरूरी है। कई मामलों में इन्हीं कारणों से भुगतान अटक जाता है। सभी औपचारिकताएं पूरी होने के बावजूद राशि न आने पर तकनीकी कारणों से देरी की संभावना भी हो सकती है।

उल्लेखनीय है कि कुछ समय पहले मंईयां सम्मान योजना के अंतर्गत लाभुकों का सत्यापन अभियान चलाया गया था। इस दौरान पात्रता मानकों पर खरा न उतरने वाली कई महिलाओं के नाम सूची से हटाए गए थे। सरकार ने साफ किया है कि योजना का लाभ केवल उन्हीं महिलाओं को मिलेगा, जो निर्धारित शर्तों को पूरा करती हैं।