मंईयां सम्मान योजना: रांची की 3.97 लाख महिलाओं के खातों में पहुंची जुलाई माह की किस्त

मंईयां सम्मान योजना: रांची की 3.97 लाख महिलाओं के खातों में पहुंची जुलाई माह की किस्त

मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत रांची जिले की लाखों महिलाओं को जुलाई माह की वित्तीय सहायता जारी कर दी गई है। जिला प्रशासन की ओर से दी गई जानकारी के अनुसार जिले की 3,97,213 पात्र लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में आधार आधारित डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से प्रति लाभुक 2,500 रुपये भेजे गए हैं।

इस चरण में जिलेभर की महिलाओं को कुल 99 करोड़ 30 लाख 32 हजार 500 रुपये की राशि हस्तांतरित की गई। प्रशासन ने बताया कि जिले के सभी प्रखंडों और शहरी क्षेत्रों में पात्र महिलाओं को योजना का लाभ सुनिश्चित किया गया है, ताकि किसी भी योग्य लाभार्थी को इससे वंचित न रहना पड़े।

लाभार्थियों की संख्या के लिहाज से कांके प्रखंड सबसे आगे रहा, जहां 31,709 महिलाओं के खातों में राशि भेजी गई। इसके अलावा टाउन अर्बन क्षेत्र की 26,267, मांडर की 23,086, सिल्ली की 21,410, बेड़ो की 20,680 तथा रातू प्रखंड की 20,499 महिलाओं को योजना का लाभ प्राप्त हुआ। वहीं, बुंडू नगर पंचायत की 3,569 और कांके शहरी क्षेत्र की 1,293 महिलाओं के खातों में भी सहायता राशि जमा कराई गई।

रांची के उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री ने कहा कि मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना राज्य सरकार की प्रमुख जनकल्याणकारी योजनाओं में शामिल है। इसका मुख्य उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक सहयोग प्रदान कर उन्हें वित्तीय रूप से मजबूत बनाना है।

उन्होंने कहा कि नियमित आर्थिक सहायता मिलने से महिलाओं को घरेलू और दैनिक आवश्यकताओं की पूर्ति में सहूलियत होगी। साथ ही यह पहल महिलाओं के आत्मनिर्भर बनने और उनकी आर्थिक भागीदारी को मजबूत करने की दिशा में भी महत्वपूर्ण साबित होगी।