राजधानी रांची के सोनाहातू थाना क्षेत्र में पुलिस ने लंबित मामलों में फरार चल रहे आरोपियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाते हुए दो वारंटियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में संजय कुमार महतो समेत एक अन्य व्यक्ति शामिल है। दोनों से पुलिस फिलहाल पूछताछ कर रही है।
पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई महेंद्रा फाइनेंस से जुड़े एक मामले में की गई। देर रात मिली गुप्त सूचना के आधार पर सोनाहातू थाना पुलिस ने विशेष टीम बनाकर विभिन्न संभावित ठिकानों पर छापेमारी की। सूचना थी कि मामले में वांछित आरोपी अपने घर पहुंचे हुए हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दो आरोपियों को दबोच लिया। हालांकि, इसी दौरान पांच अन्य वारंटी पुलिस को चकमा देकर मौके से फरार होने में सफल रहे। फरार आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है और संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। इलाके में कानून व्यवस्था बनाए रखने और लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों पर कार्रवाई के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।