KKFI के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की मुलाकात

KKFI के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से की मुलाकात

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Dec 09, 2025, 6:06:00 PM

झारखंड के लिए वर्ष 2026 एक ऐतिहासिक खेल उपलब्धि लेकर आने वाला है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से मंगलवार को भारतीय खो-खो महासंघ (KKFI) और कॉमनवेल्थ खो-खो महासंघ के पदाधिकारियों ने झारखंड विधानसभा परिसर में मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने रांची में 9 से 14 मार्च 2026 तक आयोजित होने वाली पहली कॉमनवेल्थ खो-खो प्रतियोगिता का विस्तृत प्रस्ताव मुख्यमंत्री के समक्ष रखा।

मुख्यमंत्री ने पूरे प्रस्ताव पर गंभीरतापूर्वक चर्चा की और राज्य सरकार की ओर से पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि झारखंड खेल प्रतिभा से समृद्ध राज्य है और इस तरह के अंतरराष्ट्रीय आयोजन राज्य की छवि को नई पहचान देंगे।

यह आयोजन झारखंड के लिए विशेष इसलिए है क्योंकि राज्य पहली बार किसी अंतरराष्ट्रीय खो-खो स्पर्धा की मेजबानी करने जा रहा है। इस प्रतियोगिता में 23 देशों के बालक और बालिका वर्ग के खिलाड़ी हिस्सा लेंगे, जिससे रांची अंतरराष्ट्रीय खेल मानचित्र पर और भी मजबूती से उभरेगा।

प्रतिनिधिमंडल में कॉमनवेल्थ खो-खो महासंघ के अध्यक्ष सुधांशु मित्तल, अंतरराष्ट्रीय तकनीकी सचिव एम. एस. त्यागी और महासचिव उपकार सिंह विरक उपस्थित थे। वहीं, झारखंड की ओर से विधायक एवं राज्य खो-खो संघ के महासचिव मथुरा प्रसाद महतो, विधायक सी. पी. सिंह, संघ के चेयरमैन संतोष प्रसाद, महासचिव नवीन कुमार ठाकुर, उपाध्यक्ष विनय कुमार जायसवाल, संयुक्त सचिव आलोक कुमार, डॉ. सुभाष साहू, रोहित कुमार सिंह, रांची जिला सचिव सुनील कुमार यादव, संयुक्त सचिव रवि मुंडा, मोनू शुक्ला, अमित कुमार यादव और तपन राउत शामिल रहे।