पलामू जिले के ऊंटारी रोड थाना क्षेत्र में एक 25 वर्षीय युवक का शव कोयल नदी के किनारे बालू में दबा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान सतबहिनी पंचायत के लुम्बा गांव निवासी सचिन कुमार साव, पिता सुनील साव, के रूप में हुई है। युवक पिछले एक दिन से लापता था और परिजन ग्रामीणों के साथ उसकी लगातार तलाश कर रहे थे।

बुधवार को खोजबीन के दौरान ग्रामीण सतबहिनी पंचायत भवन के पश्चिम स्थित कोयल नदी के तट पर पहुंचे। संदेह होने पर बालू हटाकर खुदाई की गई, जहां युवक का शव दबा हुआ मिला। घटना की सूचना मिलते ही ऊंटारी रोड थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और प्रशासनिक अधिकारियों को इसकी जानकारी दी।
मजिस्ट्रेट वासुदेव राय की उपस्थिति में शव को बालू से बाहर निकाला गया। प्रारंभिक निरीक्षण में शव पर कई स्थानों पर चोट के निशान दिखाई दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक की कमर में एक गड़ासी भी फंसी हुई थी। घटनास्थल की परिस्थितियों को देखते हुए मामला प्रथम दृष्टया संदिग्ध और हत्या से जुड़ा प्रतीत हो रहा है।
हालांकि पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही की जाएगी। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच शुरू कर दी गई है।
घटनास्थल पर मजिस्ट्रेट वासुदेव राय, विश्रामपुर अंचल के इंस्पेक्टर रामशीष पासवान तथा ऊंटारी रोड थाना प्रभारी संतोष गिरी मौजूद रहे। पुलिस मामले से जुड़े साक्ष्य जुटाने के साथ-साथ युवक की मौत के पीछे की परिस्थितियों की गहन जांच कर रही है।
पलामू से विकाश कश्यप की रिपोर्ट