बंगाल चुनाव में JLKM की एंट्री, टाईगर जयराम महतो ने दो सीटों पर उतारे उम्मीदवार

बंगाल चुनाव में JLKM की एंट्री, टाईगर जयराम महतो ने दो सीटों पर उतारे उम्मीदवार

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 28, 2026, 11:12:00 AM

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है और अब झारखंड की क्षेत्रीय पार्टी झारखंड लोकतांत्रिक क्रांतिकारी मोर्चा (JLKM) ने भी मैदान में उतरने का संकेत दे दिया है। पार्टी प्रमुख जयराम महतो ने अपनी पहली सूची जारी करते हुए दो उम्मीदवारों के नाम घोषित किए हैं। पुरुलिया जिले की बाघमुंडी सीट से मनोज कुमार महतो और जयपुर विधानसभा क्षेत्र से दिव्यज्योति सिंह देव को टिकट दिया गया है।

जयराम महतो पहले ही स्पष्ट कर चुके थे कि उनकी पार्टी जंगलमहल क्षेत्र में अपनी राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराएगी। उन्होंने यह भी संकेत दिया था कि JLKM राज्य में सीमित लेकिन रणनीतिक तौर पर 5 से 10 सीटों पर चुनाव लड़ेगी। फिलहाल दो उम्मीदवारों की घोषणा के साथ पार्टी ने अपने अभियान की शुरुआत कर दी है।

दिलचस्प बात यह है कि इस बार पांच राज्यों में हो रहे विधानसभा चुनाव में झारखंड की क्षेत्रीय पार्टियां भी सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। जहां झारखंड मुक्ति मोर्चा (JMM) असम में 18 सीटों पर किस्मत आजमा रही है, वहीं JLKM ने बंगाल में अपनी मौजूदगी दर्ज कराने की पहल की है।

वहीं, सुदेश महतो की अगुवाई वाली आजसू पार्टी ने अभी तक अपने उम्मीदवारों को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। पिछली बार बाघमुंडी सीट एनडीए गठबंधन के तहत आजसू के खाते में गई थी, लेकिन इस बार भारतीय जनता पार्टी ने वहां से अपना प्रत्याशी उतार दिया है। ऐसे में कयास लगाए जा रहे हैं कि आजसू भी जल्द ही बंगाल की कुछ सीटों पर अपने उम्मीदवार उतार सकती है।