रांची समेत पूरे झारखंड में अगले 24 घंटों के भीतर ठंड का असर और तेज होने के संकेत हैं। मौसम विभाग ने अनुमान जताया है कि शुक्रवार से राज्यभर में तापमान गिरना शुरू होगा, जिससे विशेषकर रात और सुबह के समय ठिठुरन बढ़ जाएगी। कई इलाकों में सुबह हल्के से मध्यम स्तर का कुहासा छाए रहने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, आने वाले तीन दिनों में रांची के न्यूनतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की जा सकती है। राजधानी और आसपास के क्षेत्रों में सुबह के समय कुहासा रहने के आसार हैं। बीते बुधवार को राज्य के कुछ हिस्सों में हल्के बादल दिखाई दिए थे, लेकिन शुक्रवार से मौसम साफ रहने की संभावना है। आसमान साफ होने के बाद रात के समय ठंडी हवाओं का असर अधिक महसूस किया जा सकता है, जिससे ठंड और तीखी हो जाएगी।
मौसम विभाग की रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 24 घंटों में झारखंड का मौसम पूरी तरह शुष्क रहा। इस दौरान कुछ स्थानों पर हल्का कोहरा और कुहासा देखने को मिला।
राज्य में सर्वाधिक अधिकतम तापमान 31.8 डिग्री सेल्सियस चाईबासा और सरायकेला में दर्ज किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस गुमला में रिकॉर्ड हुआ। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार की सुबह कुछ स्थानों पर हल्के स्तर का कोहरा या कुहासा बना रह सकता है। हालांकि दिन चढ़ने के बाद आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। अगले तीन दिनों के दौरान झारखंड के न्यूनतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे गिरावट होने की संभावना है। इसके बाद अगले दो दिनों तक तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान है।
रांची मौसम केंद्र ने बताया कि पश्चिमी विक्षोभ के असर से राज्य के मौसम में यह परिवर्तन हो रहा है। इसके प्रभाव से अगले 24 घंटे बाद ठंड और बढ़ सकती है। विभाग का कहना है कि न्यूनतम के साथ-साथ अधिकतम तापमान में भी गिरावट देखी जा सकती है।
अनुमान के मुताबिक खूंटी, गुमला, पलामू, हजारीबाग और रामगढ़ में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है। वहीं दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और खरसावां में न्यूनतम तापमान 11 से 13 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की संभावना है।
सुबह के समय हल्का कोहरा और दिन में ठंडी हवाएं लोगों को सर्दी का ज्यादा एहसास कराएंगी।