दावोस में झारखंड का गौरव बढ़ा, बाबूलाल मरांडी का बयान राजनीतिक हताशा का परिणाम: आलोक कुमार दुबे

दावोस में झारखंड का गौरव बढ़ा, बाबूलाल मरांडी का बयान राजनीतिक हताशा का परिणाम: आलोक कुमार दुबे

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 24, 2026, 9:30:00 PM

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव आलोक कुमार दुबे ने पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी के बयान को राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताते हुए जोरदार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की दावोस यात्रा और वहां उन्हें मिला ‘व्हाइट बैज’ सम्मान सिर्फ किसी व्यक्ति का नहीं, बल्कि पूरे झारखंड का गौरव है। साथ ही गांडेय से विधायक कल्पना मुर्मू सोरेन को भी यही सम्मान मिलना इस बात का संकेत है कि राज्य अब वैश्विक स्तर पर अपनी पहचान मजबूत कर रहा है।

दुबे ने कहा कि दावोस जैसे अंतरराष्ट्रीय मंच पर देश के कई राज्यों के मुख्यमंत्री जाते हैं ताकि निवेश आकर्षित किया जा सके और रोजगार के नए रास्ते खोले जा सकें। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भी झारखंड के लिए विदेशी निवेश, युवाओं को नौकरी के अवसर, सस्टेनेबल डेवलपमेंट और हरित ऊर्जा जैसे मुद्दों पर गंभीरता से काम कर रहे हैं। उन्होंने इसे राज्य के भविष्य को सुरक्षित और मजबूत बनाने की दिशा में एक अहम पहल बताया।

कांग्रेस नेता ने मरांडी के बयान को नकारात्मक सोच का उदाहरण बताते हुए कहा कि जब सरकार झारखंड की तरक्की के लिए वैश्विक मंच पर प्रयास कर रही है, तब विपक्ष केवल राजनीतिक लाभ के लिए राज्य और मुख्यमंत्री की छवि खराब करने में जुटा है। उनका आरोप था कि भाजपा विकास से ज्यादा बदनाम करने की राजनीति कर रही है।

भाजपा पर हमला बोलते हुए दुबे ने कहा कि पार्टी अपने कार्यकाल के दौरान किए गए एमओयू की लंबी सूची तो गिनाती रही, लेकिन जमीनी हकीकत सबके सामने है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के दौर में बड़े उद्योग तो दूर, छोटी-छोटी इकाइयां तक स्थापित नहीं हो पाईं। मरांडी के शासनकाल को उन्होंने “हाथी उड़ाने जैसे दावों” का दौर बताते हुए कहा कि उस समय विकास के बजाय सिर्फ खोखले वादे किए गए।

दुबे ने दावा किया कि भाजपा की यही नकारात्मक और आरोपों पर आधारित राजनीति आज जनता के बीच उसकी साख को कमजोर कर चुकी है। लोगों का भरोसा टूट चुका है और इसलिए हर चुनाव में भाजपा को हार का सामना करना पड़ रहा है।

अंत में उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी नगर निकाय चुनाव में भी जनता भाजपा को करारा जवाब देगी। उनके मुताबिक झारखंड की जनता अब विकास, रोजगार और सकारात्मक राजनीति को प्राथमिकता दे रही है और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के नेतृत्व में राज्य लगातार प्रगति की राह पर आगे बढ़ रहा है।