झारखंड में फिर लुढ़का पारा, छह जिलों में न्यूनतम तापमान 10° से नीचे

झारखंड में फिर लुढ़का पारा, छह जिलों में न्यूनतम तापमान 10° से नीचे

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 02, 2026, 1:43:00 PM

झारखंड में सर्दी पूरी तरह विदा नहीं हुई है। दिन के समय धूप के साथ हल्की गर्माहट महसूस हो रही है, लेकिन शाम ढलते ही ठंडी हवाएं चलने लगती हैं और तापमान तेजी से नीचे गिर जाता है। बीते 24 घंटों में राज्य के तापमान में स्पष्ट गिरावट दर्ज की गई है। मौसम विभाग के अनुसार, सामान्य की तुलना में अधिकतम तापमान करीब 2 डिग्री और न्यूनतम तापमान लगभग 3 डिग्री सेल्सियस तक कम हुआ है। कई जिलों में न्यूनतम पारा 10 डिग्री से नीचे चला गया है, जिससे ठंड का असर फिर तेज हो गया है।

मौसम केंद्र, रांची की 2 फरवरी की रिपोर्ट बताती है कि गुमला, खूंटी, बोकारो, हजारीबाग, डाल्टनगंज और सिमडेगा में कड़ाके की ठंड महसूस की गई। गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.8 डिग्री दर्ज हुआ। खूंटी में 8.6, बोकारो में 8.8, डाल्टनगंज में 9.1, हजारीबाग में 9.3 और सिमडेगा में 9.7 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान 11.2 डिग्री जबकि जमशेदपुर में 14.4 डिग्री रहा। अन्य जिलों में कोडरमा का 11.0, लोहरदगा का 11.5, पाकुड़ का 11.3, लातेहार का 12.7 और सरायकेला का 13.0 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान की बात करें तो इसमें भी गिरावट देखी गई है। बीते 24 घंटों में चाईबासा 29.4 डिग्री के साथ सबसे गर्म जिला रहा, जबकि सरायकेला में 29.3 डिग्री और जमशेदपुर में 28.4 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज हुआ। रांची में दिन का तापमान 25.2 डिग्री रहा। इसके अलावा डाल्टनगंज में 27.0, बोकारो में 27.5, सिमडेगा में 27.2, गुमला में 26.3, खूंटी में 25.9, पाकुड़ में 26.4 और लोहरदगा में 25.1 डिग्री तापमान रहा। लातेहार, कोडरमा, रांची और हजारीबाग में अधिकतम तापमान 25 डिग्री से नीचे बना रहा।

मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि 2 से 4 फरवरी के बीच सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का कोहरा छा सकता है और आंशिक बादल भी नजर आएंगे, हालांकि मौसम शुष्क रहेगा। सोमवार से अगले चार दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी की संभावना है। इसके बाद कुछ दिनों तक तापमान में खास बदलाव नहीं होगा।