झारखंड सरकार ने वाणिज्य कर विभाग में बड़े स्तर पर प्रशासनिक बदलाव करते हुए 72 अधिकारियों को पदोन्नति प्रदान की है। पदोन्नति के साथ ही विभाग ने अधिकारियों की नई जिम्मेदारियां भी तय कर दी हैं, जिसके तहत उन्हें विभिन्न पदों और कार्यालयों में तैनाती दी गई है।
जारी अधिसूचना के अनुसार, वाणिज्य कर अधिकारी के पद पर कार्यरत अधिकारियों को पदोन्नत कर सहायक आयुक्त बनाया गया है। वहीं, सहायक आयुक्त स्तर के कई अधिकारियों को आगे बढ़ाते हुए वाणिज्य कर उपायुक्त के पद पर नियुक्त किया गया है।
विभाग ने पदोन्नति और नई पदस्थापनाओं से संबंधित अधिसूचना मंगलवार देर रात जारी की। माना जा रहा है कि इस निर्णय से विभागीय कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाने के साथ-साथ प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। नवपदोन्नत अधिकारी जल्द ही अपने-अपने नए दायित्वों का कार्यभार संभालेंगे।