वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण में झारखंड सरकार का अहम फैसला, शनिवार को भी खुले रहेंगे कोषागार

वित्तीय वर्ष के अंतिम चरण में झारखंड सरकार का अहम फैसला, शनिवार को भी खुले रहेंगे कोषागार

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 27, 2026, 10:39:00 AM

वित्तीय वर्ष 2025-26 के समापन से पहले बजटीय प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने के उद्देश्य से झारखंड सरकार ने एक महत्वपूर्ण कदम उठाया है। राज्य के वित्त विभाग ने निर्देश जारी करते हुए 28 मार्च, जो कि शनिवार है, को भी कोषागारों में नियमित कार्यदिवस की तरह कामकाज जारी रखने का निर्णय लिया है।

विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार, रांची स्थित प्रोजेक्ट भवन कोषागार, जिसमें साइबर कोषागार भी शामिल है, तथा डोरण्डा कोषागार (SNA कोषागार सहित) के अलावा राज्य के सभी जिला और उप-कोषागार इस दिन खुले रहेंगे। इसका उद्देश्य वित्तीय लेनदेन और बिल भुगतान की प्रक्रिया को बिना किसी व्यवधान के पूरा करना है।

मार्च महीने को आमतौर पर वित्तीय गतिविधियों के लिहाज से सबसे व्यस्त समय माना जाता है, क्योंकि इसी दौरान विभिन्न विभागों को अपने खर्चों का समायोजन और भुगतान सुनिश्चित करना होता है। ऐसे में अवकाश के कारण कामकाज प्रभावित न हो, इसके लिए यह व्यवस्था की गई है।

वित्त विभाग ने इस संबंध में भारतीय रिजर्व बैंक के मुंबई स्थित केंद्रीय कार्यालय, रांची के उपायुक्त और राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति को भी जानकारी दे दी है, ताकि समन्वय बना रहे। साथ ही कोषागार अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि उस दिन प्राप्त होने वाले सभी बिलों को स्वीकार करते हुए उनकी जांच और भुगतान की प्रक्रिया उसी दिन पूरी की जाए।

इसके अतिरिक्त, बैंकिंग सेवाओं और तकनीकी प्रणालियों को सुचारू बनाए रखने पर भी जोर दिया गया है, ताकि लेनदेन में किसी प्रकार की देरी या बाधा न आए और वित्तीय वर्ष का समापन निर्धारित समय सीमा के भीतर किया जा सके।