झारखंड में ठंड से मिली राहत, न्यूनतम तापमान में आई 3-4 डिग्री की बढ़त

झारखंड में ठंड से मिली राहत, न्यूनतम तापमान में आई 3-4 डिग्री की बढ़त

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 19, 2026, 11:40:00 AM

झारखंड में रविवार को मौसम का मिजाज बदला नजर आया। बीते कई दिनों से जारी कड़ाके की ठंड और शीतलहर का असर अब धीमा पड़ने लगा है। राज्य के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस की बढ़ोतरी दर्ज की गई, जिससे लोगों को सुबह और शाम की सर्दी से राहत मिली है। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान करीब 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, पिछले 24 घंटे में रांची का न्यूनतम तापमान 6.6 डिग्री, जमशेदपुर 9.6 डिग्री, बोकारो 7.6 डिग्री, लातेहार 12.4 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि गुमला राज्य का सबसे ठंडा जिला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 3.1 डिग्री सेल्सियस रहा। विशेषज्ञों के मुताबिक, यह बदलाव ठंड की तीव्रता में कमी का संकेत है।

लातेहार जिले में मौसम में आया यह बदलाव खास राहत लेकर आया है। बीते लगभग एक महीने से यहां न्यूनतम तापमान 3 से 5 डिग्री के बीच बना हुआ था। अब तापमान 12 डिग्री के पार पहुंचने से लोगों ने लंबे समय बाद सर्दी से कुछ निजात महसूस की। धूप निकलने से दिनचर्या और कामकाज भी आसान हुआ है।

आज रहेगा शुष्क मौसम
मौसम विभाग के अनुसार, 19 जनवरी को पूरे राज्य में मौसम शुष्क बना रहेगा। सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है, लेकिन दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ हो जाएगा। दिनभर हल्की ठंडी हवाओं के साथ साफ मौसम रहने की संभावना है। फिलहाल किसी जिले के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है।

आगामी दिनों में न्यूनतम तापमान 9 से 11 डिग्री सेल्सियस के बीच बने रहने की संभावना जताई गई है। हालांकि ठंड का असर पहले की तुलना में कम हुआ है, लेकिन सुबह और रात के समय सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।