नेपाल डीफ क्रिकेट टी20 सीरीज जीतने वाली झारखंड टीम से मिले राज्यपाल, खिलाड़ियों के जज्बे को बताया प्रेरणादायक

नेपाल डीफ क्रिकेट टी20 सीरीज जीतने वाली झारखंड टीम से मिले राज्यपाल, खिलाड़ियों के जज्बे को बताया प्रेरणादायक

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : May 07, 2026, 1:45:00 PM

झारखंड के राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने गुरुवार को लोक भवन में झारखंड बधिर क्रिकेट संघ के प्रतिनिधिमंडल से मुलाकात की। संघ के अध्यक्ष दीपक यादव के नेतृत्व में पहुंचे खिलाड़ियों ने राज्यपाल को नेपाल में आयोजित ‘तृतीय टी20 डीफ क्रिकेट टूर सीरीज ऑफ इंडिया 2026’ में टीम की जीत और उत्कृष्ट प्रदर्शन की जानकारी दी।

खिलाड़ियों ने राज्यपाल के समक्ष अपने संघर्ष और तैयारी के अनुभव साझा करते हुए बताया कि सीमित संसाधनों के बावजूद टीम ने लगातार मेहनत और दृढ़ संकल्प के बल पर यह उपलब्धि हासिल की। उन्होंने कहा कि आर्थिक चुनौतियों और सुविधाओं की कमी के बावजूद खिलाड़ियों ने अपने लक्ष्य से समझौता नहीं किया और प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन कर राज्य और देश का गौरव बढ़ाया।

राज्यपाल गंगवार ने विजेता खिलाड़ियों को बधाई देते हुए कहा कि खेल केवल प्रतिस्पर्धा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास, समर्पण और सामूहिक भावना को भी मजबूत करता है। उन्होंने कहा कि टीम ने यह साबित किया है कि कठिन परिस्थितियां भी प्रतिभा और मेहनत के आगे बाधा नहीं बन सकतीं।

उन्होंने कहा कि क्रिकेट देश का बेहद लोकप्रिय खेल है और झारखंड के खिलाड़ी लगातार विभिन्न खेलों में अपनी पहचान बना रहे हैं। राज्यपाल के अनुसार, राज्य के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है, जरूरत केवल उन्हें उचित अवसर और प्रोत्साहन उपलब्ध कराने की है।

दिव्यांग खिलाड़ियों की उपलब्धियों का विशेष उल्लेख करते हुए राज्यपाल ने कहा कि ऐसे खिलाड़ी समाज के लिए प्रेरणा हैं। उनका संघर्ष और सफलता यह संदेश देती है कि मजबूत इच्छाशक्ति के सामने चुनौतियां टिक नहीं सकतीं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि राज्य में खेल गतिविधियों और खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। साथ ही झारखंड बधिर क्रिकेट संघ को भी आवश्यक समर्थन देने की बात कही।

मुलाकात के दौरान खिलाड़ियों ने कहा कि राज्यपाल से मिले सम्मान और प्रोत्साहन ने उनका उत्साह बढ़ाया है। टीम के सदस्यों ने भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प भी जताया।