झारखंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से की मुलाक़ात, CM ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

झारखंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों ने मुख्यमंत्री से की मुलाक़ात, CM ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Dec 19, 2025, 5:10:00 PM

सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी–2025 में खिताब जीतकर इतिहास रचने वाली झारखंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ी बुधवार को मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन से मिले। मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम के दौरान टीम के कप्तान और भारतीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर ईशान किशन ने पूरी टीम के साथ विजेता ट्रॉफी मुख्यमंत्री को प्रतीकात्मक रूप से सौंपकर जीत की खुशी साझा की।

मुख्यमंत्री ने इस ऐतिहासिक उपलब्धि के लिए खिलाड़ियों, सपोर्ट स्टाफ और झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (जेएससीए) को बधाई दी। मंत्री सुदिव्य कुमार, विधायक कल्पना सोरेन और मुख्य सचिव अविनाश कुमार की मौजूदगी में मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया। इस दौरान कप्तान ईशान किशन सहित टीम के सदस्यों ने टूर्नामेंट के अपने अनुभव और प्रदर्शन को मुख्यमंत्री के साथ साझा किया।

डोमेस्टिक क्रिकेट में नया अध्याय
मुख्यमंत्री ने कहा कि सैयद मुश्ताक अली टी-20 टूर्नामेंट जीतना झारखंड के लिए घरेलू क्रिकेट में एक नई उपलब्धि है। यह सफलता न केवल राज्य के लिए गर्व का विषय है, बल्कि इससे खेलों को लेकर सकारात्मक माहौल भी बनता है। उन्होंने कहा कि आज झारखंड के खिलाड़ी क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी, तीरंदाजी और अन्य खेलों में भी राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बेहतर प्रदर्शन कर रहे हैं।

खेलों के लिए मजबूत माहौल की जरूरत
खिलाड़ियों से संवाद करते हुए मुख्यमंत्री ने राज्य में मजबूत खेल संस्कृति विकसित करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्कूल और कॉलेज स्तर से ही खेलों को प्रोत्साहित किया जाना चाहिए, ताकि उभरती प्रतिभाओं को सही मंच और अवसर मिल सके। सरकार की ओर से इस दिशा में हर संभव सहयोग दिया जाएगा।

विदेशी अनुभव से निखरेगा प्रदर्शन
मुख्यमंत्री ने जेएससीए से अपेक्षा जताई कि खिलाड़ियों के विकास में खेल संघों की भूमिका अहम होती है। उन्होंने सुझाव दिया कि खिलाड़ियों के लिए विदेशों में खेलने और प्रशिक्षण की व्यवस्था की पहल की जाए, ताकि उन्हें अलग-अलग परिस्थितियों में खेलने का अनुभव मिल सके और उनका प्रदर्शन और बेहतर हो।

परंपरागत खेलों को भी मिल रहा नया मंच
मुख्यमंत्री ने कहा कि क्रिकेट, हॉकी और फुटबॉल जैसे लोकप्रिय खेलों के साथ-साथ परंपरागत खेलों की भी वापसी हो रही है। आज ऐसे खेलों की प्रतियोगिताएं राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आयोजित की जा रही हैं, जिससे युवाओं के लिए खेलों में करियर बनाने के नए अवसर खुल रहे हैं। सरकार खेल और खिलाड़ियों के हरसंभव समर्थन के लिए प्रतिबद्ध है।

नियमित प्रतियोगिताओं पर जोर
मुख्यमंत्री ने पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक नियमित खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने की आवश्यकता बताई। उन्होंने कहा कि इससे खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है और नई प्रतिभाएं सामने आती हैं, जो आगे चलकर राज्य और देश का नाम रोशन करती हैं।

इस अवसर पर जेएससीए के अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव, उपाध्यक्ष संजय पांडेय, सचिव सौरभ तिवारी, संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम सहित संघ के अन्य पदाधिकारी, झारखंड क्रिकेट टीम के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ मौजूद रहे।