जामताड़ा : खेत में संदिग्ध हालात में बरामद हुआ युवक का श*व, घर से मतदान के लिये निकला था

जामताड़ा : खेत में संदिग्ध हालात में बरामद हुआ युवक का श*व, घर से मतदान के लिये निकला था

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 24, 2026, 10:51:00 AM

जामताड़ा थाना क्षेत्र में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब सुपाईडीह पंचायत भवन के पास स्थित एक जोरिया (छोटी नदी) किनारे खेत में एक युवक का शव बरामद हुआ। स्थानीय लोगों की नजर खेत में पड़े एक व्यक्ति पर पड़ी, जो अचेत अवस्था में था। पास जाकर देखने पर उसके मृत होने की पुष्टि हुई।

मृतक की पहचान जामताड़ा नगर पंचायत के नामुपाड़ा निवासी आनंद बाउरी के रूप में की गई है। परिजनों के मुताबिक, आनंद सोमवार सुबह करीब 11 बजे घर से वोट डालने के लिए निकला था, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। काफी देर तक संपर्क न होने पर परिवार ने उसकी तलाश शुरू की। शाम करीब 7 बजे सूचना मिली कि सुपाईडीह पंचायत भवन के समीप जोरिया किनारे खेत में एक युवक का शव पड़ा है, जिसके बाद परिजन वहां पहुंचे और पहचान की।

ग्रामीणों का कहना है कि मृतक के एक पैर पर जले जैसा निशान दिखाई दे रहा था। वहीं, घटनास्थल के आसपास बाइक के टायर के निशान भी पाए गए हैं, जिससे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है।

सूचना मिलते ही जामताड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस यह स्पष्ट करने में जुटी है कि मामला हत्या का है, हादसा है या फिर मौत किसी अन्य कारण से हुई है।

घटना के बाद इलाके में दहशत और चर्चाओं का माहौल है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।