रांची में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पड़ी महंगी, 15 वाहनों पर भारी जुर्माना

रांची में ट्रैफिक नियमों की अनदेखी पड़ी महंगी, 15 वाहनों पर भारी जुर्माना

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 10, 2026, 2:33:00 PM

रांची जिला प्रशासन ने सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए शहर के विभिन्न इलाकों में विशेष वाहन जांच अभियान चलाया। उपायुक्त मंजूनाथ भजन्त्री के निर्देश पर जिला परिवहन पदाधिकारी की निगरानी में 9 मार्च को तुपुदाना, दलादली, रातु, रिंग रोड और कांके क्षेत्रों में बड़े पैमाने पर वाहनों की जांच की गई।

यह अभियान सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने, ओवरलोडिंग की समस्या को रोकने, प्रदूषण नियंत्रण को सुनिश्चित करने और अवैध परिवहन गतिविधियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से चलाया गया। प्रशासन का मानना है कि शहर और उसके आसपास के इलाकों में बढ़ते ट्रैफिक दबाव और नियमों की अनदेखी के कारण ऐसे सघन अभियानों की आवश्यकता लगातार महसूस की जा रही है।

जांच के दौरान टीम ने कुल 176 वाहनों की जांच की, जिनमें भारी वाहन, यात्री वाहन, व्यावसायिक वाहन और निजी गाड़ियां शामिल थीं। जिन इलाकों में यह अभियान चलाया गया, वे शहर के प्रमुख यातायात मार्ग माने जाते हैं, जहां ट्रक, टिप्पर, बस, ऑटो-रिक्शा, टैक्सी और निजी वाहनों की आवाजाही काफी अधिक रहती है।

जांच के क्रम में अधिकारियों ने मोटर वाहन कर के भुगतान की स्थिति, फिटनेस प्रमाण पत्र, बीमा दस्तावेज, प्रदूषण नियंत्रण प्रमाण पत्र (पीयूसी), आवश्यक परमिट और चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस की जांच की। इसके अलावा ओवरलोडिंग और अन्य यातायात नियमों जैसे हेलमेट, सीट बेल्ट और गति सीमा के पालन पर भी विशेष नजर रखी गई।

अभियान के दौरान दस्तावेज अधूरे या अमान्य पाए जाने पर 15 वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 3,61,751 रुपये का जुर्माना लगाया गया। वहीं नियमों का उल्लंघन करने वाले दो वाहनों को जब्त भी किया गया। इनमें से एक वाहन रातु थाना और दूसरा कांके थाना परिसर में सुरक्षित रखा गया है।

जिला प्रशासन के अनुसार जब्त किए गए वाहनों के संबंध में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है। अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी यातायात नियमों के पालन को सुनिश्चित करने के लिए इस तरह के अभियान लगातार जारी रहेंगे।