राज्यपाल संतोष गंगवार ने IAS प्रशिक्षुओं से की मुलाकात, जनहित को प्राथमिकता देने की दी सीख

राज्यपाल संतोष गंगवार ने IAS प्रशिक्षुओं से की मुलाकात, जनहित को प्राथमिकता देने की दी सीख

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Apr 07, 2026, 1:16:00 PM

रांची स्थित लोक भवन में आज भारतीय प्रशासनिक सेवा के प्रशिक्षु अधिकारियों ने राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार से औपचारिक मुलाकात की। इस दौरान राज्यपाल ने अधिकारियों से संवाद करते हुए उनके दायित्वों और भूमिका को लेकर महत्वपूर्ण सुझाव दिए।

राज्यपाल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रशासनिक सेवा में कार्य करते समय जनकल्याण और राज्य के हित को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जानी चाहिए। उन्होंने झारखंड को संभावनाओं से भरपूर राज्य बताते हुए कहा कि समर्पण और ईमानदारी के साथ काम कर इसे विकास की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।

उन्होंने अधिकारियों को जमीनी हकीकत को समझने के लिए नियमित रूप से क्षेत्रीय दौरे करने और आम लोगों के साथ सीधा संवाद बनाए रखने की सलाह दी। उनका कहना था कि एक प्रशासनिक अधिकारी की पहचान उसके कार्य और व्यवहार से बनती है, इसलिए पारदर्शिता, जवाबदेही और संवेदनशीलता बेहद जरूरी हैं।

राज्यपाल ने यह भी कहा कि बदलती परिस्थितियों में सजग रहते हुए समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान निकालना अधिकारियों की जिम्मेदारी है। अंत में उन्होंने सभी प्रशिक्षु अधिकारियों के सफल और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर राज्यपाल के अपर मुख्य सचिव डॉ. नितिन कुलकर्णी भी उपस्थित रहे।