राज्यपाल संतोष गंगवार ने लोक भवन में NSS स्वयंसेवकों को सम्मानित किया

राज्यपाल संतोष गंगवार ने लोक भवन में NSS स्वयंसेवकों को सम्मानित किया

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 12, 2026, 3:06:00 PM

राँची स्थित लोक भवन में आज राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) के उत्कृष्ट स्वयंसेवकों के साथ आयोजित संवाद कार्यक्रम में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कहा कि NSS से जुड़े युवाओं की उपलब्धियाँ पूरे झारखण्ड के लिए गर्व की बात हैं। उन्होंने बताया कि राज्य के कई स्वयंसेवकों को राष्ट्रपति के हाथों सम्मान प्राप्त हुआ है, वहीं कुछ प्रतिभागियों ने नई दिल्ली में आयोजित गणतंत्र दिवस परेड शिविर–2026 में झारखण्ड का प्रतिनिधित्व कर राज्य का मान बढ़ाया है।

राज्यपाल ने कहा कि कुछ स्वयंसेवकों को गणतंत्र दिवस और स्वतंत्रता दिवस समारोहों में अतिथि के रूप में शामिल होने का अवसर भी मिला, जो उनके समर्पण, अनुशासन और सेवा भावना को दर्शाता है।

उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि झारखण्ड के स्वयंसेवकों को ‘विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग–2026’ में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के समक्ष अपने विचार रखने का मौका मिला। राज्यपाल के अनुसार, यह उपलब्धि सिर्फ व्यक्तिगत सफलता नहीं बल्कि पूरे राज्य के लिए सम्मानजनक है।

“स्वयं से पहले समाज” का संदेश देता है NSS

राज्यपाल ने कहा कि राष्ट्रीय सेवा योजना का मूल विचार “स्वयं से पहले समाज” युवाओं को सामाजिक जिम्मेदारी और संवेदनशीलता के साथ जोड़ता है। उन्होंने स्वच्छता अभियान, रक्तदान, पर्यावरण संरक्षण, ग्रामीण विकास, आपदा राहत और जन-जागरूकता अभियानों में NSS स्वयंसेवकों की सक्रिय भूमिका की सराहना की।

लोक भवन में स्वामी विवेकानन्द जयंती पर आयोजित रक्तदान शिविर में स्वयंसेवकों की सहभागिता को भी उन्होंने प्रशंसनीय बताया।

राष्ट्रीय बैंड प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की सफलता पर बधाई

राज्यपाल ने गणतंत्र दिवस परेड शिविर में चयन को अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और देशभक्ति का प्रतीक बताया। साथ ही उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय बैंड प्रतियोगिता में झारखण्ड के विद्यार्थियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन की भी सराहना की।

उन्होंने बताया कि पाइप बैंड प्रतियोगिता के बालिका वर्ग में कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, कांके और बालक वर्ग में कैराली स्कूल, सेक्टर-2 विजेता रहे। वहीं ब्रास बैंड (बालक वर्ग) में संत जेवियर हाई स्कूल, लुपुंगुटू, चाईबासा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया, जिसे राज्य के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया गया।

युवाओं को विवेकानन्द का संदेश

राज्यपाल ने स्वयंसेवकों से कहा कि उन्हें मिला सम्मान उनके भीतर जिम्मेदारी की भावना को और मजबूत करे और वे समाज व राष्ट्र निर्माण में आगे भी सक्रिय भूमिका निभाते रहें।

उन्होंने स्वामी विवेकानन्द के प्रेरक वाक्य, “उठो, जागो और तब तक मत रुको जब तक लक्ष्य की प्राप्ति न हो जाए” का उल्लेख करते हुए युवाओं को निरंतर प्रयास और उत्कृष्टता की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।

कार्यक्रम के अंत में राज्यपाल ने NSS स्वयंसेवकों को सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएँ दीं।