एग्रोटेक किसान मेला-2026 के समापन समारोह में सम्मिलित हुये राज्यपाल, वैज्ञानिकों और किसानों के सहयोग पर दिया जोर

एग्रोटेक किसान मेला-2026 के समापन समारोह में सम्मिलित हुये राज्यपाल, वैज्ञानिकों और किसानों के सहयोग पर दिया जोर

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Mar 16, 2026, 6:08:00 PM

रांची स्थित बिरसा कृषि विश्वविद्यालय में आयोजित ‘एग्रोटेक किसान मेला–2026’ के समापन समारोह में राज्यपाल संतोष कुमार गंगवार ने कृषि अनुसंधान को सीधे किसानों तक पहुंचाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि कृषि विश्वविद्यालयों की जिम्मेदारी केवल प्रयोगशालाओं तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि शोध के परिणामों को खेतों में लागू कराने की दिशा में भी सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए। इसके लिए वैज्ञानिकों को किसानों से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को समझना और व्यावहारिक समाधान देना चाहिए।

अपने संबोधन में राज्यपाल ने कहा कि इस तरह के किसान मेले किसानों को आधुनिक तकनीक, उन्नत कृषि पद्धतियों और नए शोध कार्यों से जोड़ने का प्रभावी माध्यम बनते हैं। ऐसे आयोजनों से किसानों को विशेषज्ञों के साथ बातचीत करने और नवीन उपकरणों व तकनीकों की जानकारी प्राप्त करने का अवसर मिलता है।

उन्होंने झारखंड की कृषि क्षमता का उल्लेख करते हुए कहा कि राज्य की भूमि और जलवायु खेती के लिए अनुकूल है और यहां कृषि के क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं। किसानों को पारंपरिक खेती के साथ-साथ बागवानी, फल-सब्जी उत्पादन, फूलों की खेती तथा औषधीय पौधों की खेती की ओर भी ध्यान देने की सलाह दी गई। साथ ही उन्होंने कहा कि मुर्गीपालन, मछली पालन, बकरी पालन और मधुमक्खी पालन जैसे सहायक व्यवसाय किसानों की आमदनी बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं।

राज्यपाल ने मोटे अनाजों के महत्व पर भी प्रकाश डाला और किसानों को रागी, बाजरा और ज्वार जैसे पौष्टिक अनाजों के उत्पादन को बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इसके अलावा उन्होंने सहजन जैसे पौष्टिक पौधों की खेती में भी संभावनाओं की बात कही। उन्होंने कृषि वैज्ञानिकों और शोधार्थियों से आग्रह किया कि वे गांवों में जाकर किसानों के साथ मिलकर काम करें और उन्हें नई तकनीकों व बेहतर खेती के तरीकों की जानकारी दें।

उन्होंने सुझाव दिया कि कृषि विश्वविद्यालय के छात्र गांवों को गोद लेकर किसानों को कम संसाधनों में अधिक उत्पादन और बेहतर आय के उपायों के बारे में मार्गदर्शन दे सकते हैं।

राज्यपाल ने किसानों को केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं, जैसे प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि और किसान क्रेडिट कार्ड, का लाभ उठाने के लिए भी प्रेरित किया। उन्होंने विश्वास जताया कि इस किसान मेले के माध्यम से किसानों को नई तकनीकों, आधुनिक कृषि उपकरणों और विशेषज्ञों के अनुभव से सीखने का अवसर मिला होगा।

समारोह के दौरान राज्यपाल ने राज्य के कई प्रगतिशील और नवाचार करने वाले किसानों को सम्मानित भी किया। अपने संबोधन के अंत में उन्होंने कहा कि किसानों की समृद्धि ही राज्य और देश के विकास की आधारशिला है।