झारखंड के मुख्यमंत्री हेमन्त सोरेन ने राजधानी रांची में यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से चल रही अहम परियोजनाओं की प्रगति का जायजा लिया। झारखंड मंत्रालय में आयोजित बैठक के दौरान पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सिरमटोली से कांटा टोली तक प्रस्तावित कनेक्टिंग फ्लाईओवर के निर्माण कार्य पर विस्तृत प्रस्तुति दी।
समीक्षा के दौरान मुख्यमंत्री ने परियोजना की वर्तमान स्थिति को विस्तार से समझा और संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया में किसी भी तरह की देरी न हो। उन्होंने कहा कि इस कार्य को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम तत्काल उठाए जाएं, ताकि निर्माण कार्य समय पर पूरा हो सके।
बैठक में करमटोली से साइंस सिटी, चिरौंदी तक प्रस्तावित फ्लाईओवर योजना पर भी चर्चा हुई। इस परियोजना को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को कई जरूरी सुझाव और निर्देश दिए, जिससे भविष्य में यातायात का दबाव कम किया जा सके।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने शहर की मौजूदा सड़कों की स्थिति पर भी ध्यान दिलाया। उन्होंने कहा कि कई डिवाइडरों में अनावश्यक कट बने हुए हैं, जो ट्रैफिक प्रबंधन में बाधा उत्पन्न करते हैं। ऐसे कट्स को चिन्हित कर बंद करने के निर्देश दिए गए, ताकि सड़क व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित हो सके।
बैठक में पथ निर्माण विभाग के प्रधान सचिव सुनील कुमार, अभियंता प्रमुख प्रवीण जयंत भेंगरा, मुख्य अभियंता सीडीओ विजय रंजन और उप सचिव प्रबंधन विक्रम प्रताप सिंह समेत अन्य अधिकारी उपस्थित थे।