कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी समेत 5 गुर्गे गिरफ्तार, पुलिस ने किये चौंकाने वाले खुलासे

कुख्यात गैंगस्टर सुजीत सिन्हा की पत्नी समेत 5 गुर्गे गिरफ्तार, पुलिस ने किये चौंकाने वाले खुलासे

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Oct 23, 2025, 10:34:00 AM

झारखंड में अपराध जगत से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। रांची पुलिस ने खुलासा किया है कि प्रदेश में दो कुख्यात संगठित अपराध गिरोह — प्रिंस खान और सुजीत सिन्हा के गैंग — अब मिलकर काम कर रहे हैं। पुलिस ने संयुक्त अभियान चलाते हुए सुजीत सिन्हा की पत्नी रिया सिन्हा समेत पांच कुख्यात अपराधियों को गिरफ्तार किया है।

कैसे हुआ खुलासा
पुलिस जांच में सामने आया कि जेल में बंद गैंगस्टर सुजीत सिन्हा और विदेश में बैठे प्रिंस खान ने आपस में हाथ मिला लिया है। जेल से बाहर रहते हुए रिया सिन्हा इस गठबंधन वाले गैंग का संचालन कर रही थी। राजधानी में हाल के दिनों में प्रिंस खान के नाम से आए रंगदारी कॉल इसी गैंग के नेटवर्क का नतीजा थे। बताया गया कि ‘कोयलांचल शांति सेना’ नामक संगठन को भी रिया सिन्हा ही नियंत्रित कर रही थी।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राकेश रंजन के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने रिया सिन्हा और चार अन्य अपराधियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों में इनामुल हक उर्फ बबलु खान, रवि आनंद उर्फ सिंघा, मोहम्मद शाहिद उर्फ अफरीदी खान और मोहम्मद सेराज उर्फ मदन शामिल हैं। इनके पास से तीन पिस्टल, सात मैगजीन, 13 जिंदा कारतूस, एक टाटा सफारी, एक आईफोन और पांच एंड्रॉइड मोबाइल जब्त किए गए हैं।

पाकिस्तान कनेक्शन से जुड़ी बड़ी जानकारी
रांची के सिटी एसपी पारस राणा ने बताया कि पूछताछ में चौंकाने वाली जानकारी सामने आई है। गिरफ्तार अपराधियों ने बताया कि सुजीत सिन्हा और प्रिंस खान का गैंग अपने हथियार पाकिस्तान से मंगवाता है। ड्रोन के जरिए ये हथियार पंजाब के मोगा जिले तक पहुंचाए जाते हैं, जहां से गिरोह के लोग उन्हें झारखंड लाकर आपराधिक घटनाओं में इस्तेमाल करते हैं।

पुलिस के अनुसार, रांची में इनामुल हक उर्फ बबलु खान अपने सहयोगियों के साथ मिलकर रंगदारी वसूली करता था। वसूली गई रकम सुजीत सिन्हा के लोगों के जरिये प्रिंस खान तक पहुंचाई जाती थी, जिसे बाद में यूएई के रास्ते पाकिस्तान भेजा जाता था। इस धन का इस्तेमाल पाकिस्तान में अवैध हथियारों की खरीद और अन्य गैरकानूनी गतिविधियों के लिए किया जाता था।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
इस मामले में सदर थाना (बीआईटी मेसरा ओपी) में कांड संख्या 512/2025, दिनांक 22 अक्टूबर 2025 के तहत भारतीय न्याय संहिता की विभिन्न धाराओं, आर्म्स एक्ट और यूएपीए की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

बताया जा रहा है कि डोरंडा क्षेत्र के सत्यभामा अपार्टमेंट के बाहर हुई हालिया हवाई फायरिंग में इस्तेमाल किए गए हथियार भी इसी गिरोह द्वारा मुहैया कराए गए थे।