दुमका शहर में उस वक्त सनसनी फैल गई जब नगर थाना क्षेत्र स्थित डीआईजी कार्यालय के समीप बाइक सवार दो अज्ञात हमलावरों ने संथाल परगना मजदूर मोटर संघ के प्रमंडलीय अध्यक्ष अरुण सिंह पर गोलियां चला दीं। हमले में अरुण सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, अरुण सिंह प्रतिदिन की तरह अपने घर से बस स्टैंड की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आए मोटरसाइकिल सवार दो युवकों ने उन पर निशाना साधते हुए दो राउंड फायरिंग की। एक गोली उन्हें जा लगी। वारदात को अंजाम देने के तुरंत बाद दोनों हमलावर मौके से फरार हो गए।
गोली लगने के बाद स्थानीय लोगों की मदद से उन्हें तत्काल दुमका मेडिकल कॉलेज अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया, लेकिन स्थिति चिंताजनक देखते हुए बेहतर इलाज के लिए उन्हें आसनसोल रेफर कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जांच शुरू कर दी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। साथ ही पूरे इलाके में नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश की जा रही है।
दिनदहाड़े हुई इस फायरिंग की घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।