एक्सट्रीम बार ह*त्याकांड में बड़ा फैसला, विक्की समेत 10 दोषियों को 9-9 साल की सजा

एक्सट्रीम बार ह*त्याकांड में बड़ा फैसला, विक्की समेत 10 दोषियों को 9-9 साल की सजा

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jul 21, 2026, 5:15:00 PM

राजधानी के चर्चित एक्सट्रीम बार हत्याकांड में अदालत ने अहम फैसला सुनाते हुए मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह उर्फ विक्की सहित 10 दोषियों को नौ-नौ वर्ष के कारावास की सजा सुनाई है। इसके साथ ही सभी दोषियों पर 50-50 हजार रुपये का आर्थिक दंड भी लगाया गया है। यह फैसला अपर न्यायायुक्त शैलेन्द्र कुमार की अदालत ने सुनाया।

अदालत ने सुनवाई के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर सभी आरोपियों को गैर इरादतन हत्या और आर्म्स एक्ट के तहत दोषी करार दिया। जिन लोगों को सजा मिली है उनमें अभिषेक सिंह उर्फ विक्की, अशोक कुमार सिंह, मोहम्मद शामिरूदीन, प्रतीक, मृत्युंजय कुमार, प्रकाश कुमार, दिवाकर उपाध्याय, आलोक दीवा, पंकज कुमार और सुमित कुमार शामिल हैं।

यह मामला 26 मई 2024 की देर रात का है, जब रांची स्थित एक्सट्रीम बार में डीजे संचालक के रूप में कार्यरत पश्चिम बंगाल निवासी संदीप प्रमाणिक की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। जांच में सामने आया कि बार बंद होने के बाद कुछ युवकों का कर्मचारियों के साथ विवाद हो गया था, जो बाद में मारपीट में बदल गया।

पुलिस के अनुसार, इसी विवाद का बदला लेने के लिए मुख्य आरोपी अभिषेक सिंह ने अपने साथियों के साथ योजना बनाई। वह सेल सिटी स्थित अपने किराए के मकान से राइफल लेकर दोबारा बार पहुंचा और अंदर घुसकर संदीप प्रमाणिक पर बेहद करीब से गोली चला दी। गोली लगते ही संदीप की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी ने बार की पार्किंग से कई राउंड फायरिंग की और कार से फरार हो गया।

हत्या के अगले ही दिन वरिष्ठ पुलिस अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे और बार के कर्मचारियों से पूछताछ की। जांच के दौरान बार में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज पुलिस के लिए अहम सबूत साबित हुई, जिसमें विवाद से लेकर गोलीबारी तक की पूरी घटना रिकॉर्ड थी। इसी वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने मुख्य आरोपी समेत कुल 14 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। गिरफ्तार आरोपियों में अभिषेक सिंह के पिता अशोक कुमार सिंह, उसके सहयोगियों के अलावा बार से जुड़े कुछ अन्य लोग भी शामिल थे।