लालपुर में बुजुर्ग की पीट-पीटकर ह*त्या, पिता-पुत्र समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

लालपुर में बुजुर्ग की पीट-पीटकर ह*त्या, पिता-पुत्र समेत तीन आरोपी गिरफ्तार

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Feb 02, 2026, 4:06:00 PM

राजधानी रांची के लालपुर थाना क्षेत्र में मारपीट की एक गंभीर घटना ने एक बुजुर्ग की जान ले ली। लोवर वर्द्धमान कम्पाउंड स्थित धोबी घाट के पास हुए इस मामले में पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए पिता और उसके दो बेटों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 31 जनवरी 2026 की रात करीब आठ बजे मधेश्वर सिंह रोज़ाना की तरह टहलने के लिए अपने घर से निकले थे। इसी दौरान मोहल्ले में रहने वाले मुन्ना कच्छप के बेटे अमन कच्छप और अनिकेत कच्छप से किसी बात को लेकर उनका विवाद हो गया। बहस जल्द ही हिंसक झड़प में बदल गई और दोनों युवकों ने मधेश्वर सिंह के साथ मारपीट शुरू कर दी।

हंगामा बढ़ता देख मुन्ना कच्छप भी मौके पर पहुंचा और उसने अपने बेटों का साथ देते हुए बुजुर्ग पर हमला किया। हमले में मधेश्वर सिंह को गंभीर चोटें आईं और वे घटनास्थल पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। आसपास के लोगों की मदद से उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद लालपुर थाना में कांड संख्या 21/26, दिनांक 1 फरवरी 2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) 2023 की सुसंगत धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस ने विशेष छापेमारी दल का गठन किया और त्वरित कार्रवाई करते हुए अमन कच्छप उर्फ अमन उरांव, अनिकेत कच्छप और मुन्ना कच्छप को गिरफ्तार कर लिया। तीनों आरोपी लोवर वर्द्धमान कम्पाउंड, झीपा कोचा टोला, लालपुर थाना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।

पुलिस ने बताया कि मामले में आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।