प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अपने संगठनात्मक ढांचे को और अधिक प्रभावी बनाने की दिशा में बड़ा प्रशासनिक कदम उठाया है। केंद्र सरकार की ओर से जारी ताजा आदेश के तहत देशभर के विभिन्न जोनल, सब-जोनल और मुख्यालय कार्यालयों में कार्यरत 50 से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों का स्थानांतरण एवं नई तैनाती की गई है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
इस फेरबदल में डिप्टी डायरेक्टर, असिस्टेंट डायरेक्टर, एन्फोर्समेंट ऑफिसर और असिस्टेंट स्तर के अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। अधिकारियों के स्थानांतरण का उद्देश्य विभागीय कार्यप्रणाली को अधिक सुव्यवस्थित और प्रभावी बनाना बताया जा रहा है।
तबादला सूची में रांची जोनल कार्यालय भी शामिल है। मुख्यालय के प्रशासन एवं लेखा (Administration & Accounts) अनुभाग में असिस्टेंट के रूप में कार्यरत तुषार मलिक का स्थानांतरण रांची जोनल ऑफिस कर दिया गया है। आदेश के अनुसार वे जल्द ही रांची में पदभार ग्रहण करेंगे।
नए आदेश के तहत हैदराबाद, शिमला, भोपाल, गुवाहाटी, जयपुर, कोलकाता, मुंबई, लखनऊ और अन्य प्रमुख कार्यालयों में भी बड़े स्तर पर अधिकारियों की तैनाती बदली गई है।
डिप्टी डायरेक्टर स्तर पर सुमित शर्मा को हैदराबाद से शिमला, स्वाति नोखवाल को भोपाल से हैदराबाद, प्रणव दुबे को मुख्यालय से भोपाल, दानिश अगस्तम को दीमापुर से मुख्यालय तथा दिपेश मंडल को गुवाहाटी से जयपुर भेजा गया है।
असिस्टेंट डायरेक्टर स्तर पर नीरज तायल का तबादला भुवनेश्वर से देहरादून, देबदत्त सारंगी का रायपुर से भुवनेश्वर, प्रताप सिंह का लखनऊ से मुख्यालय और दुर्गेश सिंह का बेंगलुरु से लखनऊ किया गया है।
वहीं एन्फोर्समेंट ऑफिसर और अन्य पदों पर भी कई बदलाव किए गए हैं। तुषार विपुल को इलाहाबाद सब-जोनल कार्यालय से दिल्ली जोनल ऑफिस-II, अमित कुमार को भोपाल से रायपुर, आशुतोष वर्मा को इंदौर से रायपुर तथा मनिराम तिवारी को दिल्ली जोनल ऑफिस-II से श्रीनगर जोनल ऑफिस स्थानांतरित किया गया है।
ईडी के इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को विभाग की कार्यक्षमता बढ़ाने और विभिन्न कार्यालयों में संसाधनों के बेहतर संतुलन की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।