झारखंड में आगामी राज्यसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। इसी बीच भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन 5 जून को दो दिवसीय प्रवास पर राज्य पहुंचेंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष बनने के बाद उनका यह पहला झारखंड दौरा होगा, जिसे संगठन और चुनावी रणनीति दोनों दृष्टिकोण से अहम माना जा रहा है।
सूत्रों के अनुसार, अपने दौरे के दौरान नितिन नबीन पार्टी संगठन की समीक्षा के साथ-साथ आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों पर भी चर्चा करेंगे। राज्यसभा चुनाव के मद्देनजर भाजपा नेतृत्व इस यात्रा को महत्वपूर्ण रणनीतिक कवायद के रूप में देख रहा है।
कार्यक्रम के तहत भाजपा की प्रदेश कोर कमेटी की बैठक आयोजित की जाएगी। इसमें सांसदों, विधायकों, जिला अध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों की मौजूदगी रहने की संभावना है। बैठक में संगठनात्मक मजबूती, चुनावी समन्वय और भविष्य की राजनीतिक रणनीति पर विस्तार से विचार-विमर्श किया जाएगा।
जानकारी के मुताबिक, यह बैठक राजधानी में स्थित एक बैंक्विट हॉल में आयोजित होगी। पार्टी नेताओं का मानना है कि राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा कार्यकर्ताओं में उत्साह बढ़ाने के साथ संगठन को चुनावी मोड में सक्रिय करने में भी अहम भूमिका निभाएगा।