सूचना आयुक्त नियुक्ति पर मंथन पूरा, 450 आवेदनों में से 5 नामों बनी सहमति

सूचना आयुक्त नियुक्ति पर मंथन पूरा, 450 आवेदनों में से 5 नामों बनी सहमति

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Apr 02, 2026, 12:32:00 PM

झारखंड में राज्य सूचना आयुक्तों की नियुक्ति को लेकर लंबे समय से लंबित प्रक्रिया अब निर्णायक चरण में पहुंचती दिख रही है। चयन समिति ने गहन विचार-विमर्श के बाद पांच उम्मीदवारों का पैनल तैयार कर अनुमोदन के लिए राजभवन भेज दिया है। माना जा रहा है कि इस पर जल्द ही अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।

इस विषय पर 25 मार्च को मुख्यमंत्री आवास, कांके में एक उच्चस्तरीय बैठक आयोजित की गई थी। बैठक की अध्यक्षता मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने की, जबकि समिति के अन्य सदस्यों के रूप में मंत्री हफीजुल हसन अंसारी और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी भी उपस्थित रहे। बैठक में प्राप्त आवेदनों की समीक्षा कर संभावित नामों पर सहमति बनाई गई।

सूत्रों के अनुसार, सूचना आयुक्त पदों के लिए 450 से अधिक आवेदन प्राप्त हुए थे। विस्तृत जांच और छंटनी के बाद पांच नामों को अंतिम सूची में शामिल किया गया। इस सूची में वरिष्ठ पत्रकार अनुज सिन्हा (पूर्व संपादक, प्रभात खबर), वरिष्ठ पत्रकार धर्मवीर सिन्हा (पूर्व झारखंड ब्यूरो प्रमुख, आजतक), भाजपा के मीडिया प्रभारी शिवपूजन पाठक, झामुमो के युवा नेता और प्रवक्ता तनुज खत्री, तथा कांग्रेस से जुड़े अमूल्य नीरज खलखो का नाम शामिल है।

अब इन नामों पर राज्यपाल की स्वीकृति का इंतजार है। संकेत मिल रहे हैं कि मंजूरी मिलने के बाद जल्द ही आधिकारिक अधिसूचना जारी की जा सकती है।

उल्लेखनीय है कि राज्य में एक मुख्य सूचना आयुक्त और छह सूचना आयुक्तों के पदों को भरने की प्रक्रिया चल रही है। इसके साथ ही लोकायुक्त की नियुक्ति को लेकर भी गतिविधियां तेज हो गई हैं। ये सभी पद वर्ष 2020 से रिक्त हैं, जिन्हें भरने के लिए सरकार अब सक्रियता दिखा रही है।