नव नियुक्त अंचल निरीक्षक और कानूनगो से मिले उपायुक्त, जनसेवा और पारदर्शिता का दिया संदेश

नव नियुक्त अंचल निरीक्षक और कानूनगो से मिले उपायुक्त, जनसेवा और पारदर्शिता का दिया संदेश

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 19, 2026, 4:56:00 PM

झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) की सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 (सीजीएल) में सफल होकर नियुक्त हुए अंचल निरीक्षक (सर्किल इंस्पेक्टर सह कानूनगो) एवं कानूनगो अधिकारियों ने सोमवार, 19 जनवरी 2026 को समाहरणालय स्थित ब्लॉक-ए सभागार में उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी रांची श्री मंजूनाथ भजन्त्री से शिष्टाचार भेंट की।

इस अवसर पर उपायुक्त ने सभी नव नियुक्त अधिकारियों से क्रमवार परिचय प्राप्त किया और उन्हें नई जिम्मेदारियों के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि युवाओं का यह चयन राज्य सरकार की रोजगारोन्मुखी और दूरदर्शी नीतियों का परिणाम है। सरकार निरंतर विभिन्न विभागों में योग्य मानव संसाधन की नियुक्ति कर प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ कर रही है।

नव नियुक्त अधिकारियों को संबोधित करते हुए उपायुक्त ने कार्य संस्कृति और सेवा मूल्यों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं भूमि से जुड़े दायित्वों को समझने के लिए क्षेत्रीय स्तर पर सक्रिय रहना आवश्यक है। फील्ड में जाकर नियमों, प्रक्रियाओं और व्यावहारिक चुनौतियों की गहरी समझ विकसित करनी चाहिए।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रशासनिक सेवा में सीखने की प्रक्रिया कभी समाप्त नहीं होती। अहंकार से दूर रहते हुए वरिष्ठों और अनुभव से सीखना ही एक सफल अधिकारी की पहचान है। आम नागरिकों से व्यवहार में शालीनता, धैर्य और संवेदनशीलता अनिवार्य बताते हुए उन्होंने कहा कि जनता के साथ किसी भी प्रकार का दुर्व्यवहार स्वीकार्य नहीं होगा।

उपायुक्त ने पारदर्शिता, ईमानदारी और निष्पक्षता को प्रशासन की रीढ़ बताते हुए कहा कि इन्हीं मूल्यों से जनता का विश्वास कायम रहता है। साथ ही उन्होंने राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू करने और ग्रामीण विकास को गति देने में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

उन्होंने भरोसा जताया कि नव नियुक्त अंचल निरीक्षक और कानूनगो अपने परिश्रम, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा से जिले के राजस्व प्रशासन को मजबूती प्रदान करेंगे। कार्यक्रम में जिला प्रशासन के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद रहे। अंत में नव नियुक्त अधिकारियों ने उपायुक्त के मार्गदर्शन के लिए आभार जताया और अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने का संकल्प दोहराया।