झारखंड में नववर्ष 2026 की शुरुआत ठिठुरन और घने कोहरे के साथ हो रही है। मौसम का मिजाज देखते हुए भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने अगले 48 घंटों के लिए राज्य के कई इलाकों में येलो अलर्ट जारी किया है। विभाग ने खास तौर पर सुबह और देर रात के समय लोगों को अतिरिक्त सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
मौसम विभाग के मुताबिक गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, पश्चिमी सिंहभूम, पूर्वी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में घने कोहरे की स्थिति बनी रह सकती है। इन क्षेत्रों में दृश्यता घटकर 50 से 200 मीटर के बीच रहने की आशंका है, जिससे सड़क और रेल यातायात पर प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
राज्य में इस वक्त सबसे कम तापमान गुमला में दर्ज किया गया, जहां पारा 3.9 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान सात डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा लोहरदगा और डाल्टनगंज में 5.1 डिग्री, खूंटी में 5.2 डिग्री और बोकारो में 6.1 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
IMD का अनुमान है कि 2 जनवरी की सुबह करीब साढ़े आठ बजे तक गिरिडीह और देवघर सहित कई जिलों में घना कोहरा छाया रह सकता है। साथ ही गिरिडीह, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहिबगंज में भी कोहरे की स्थिति गंभीर बने रहने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार निचले क्षोभमंडलीय स्तरों पर उत्तर-पश्चिमी हवाओं के सक्रिय होने से शीतलहर और कोहरे की स्थिति बन रही है। नए साल के पहले दिन कई जिलों में न्यूनतम तापमान एकल अंक में बना रह सकता है, विशेषकर बिहार से सटे उत्तरी हिस्सों में ठंड का असर ज्यादा महसूस किया जाएगा।
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे अनावश्यक यात्रा से बचें और ठंड व कोहरे को देखते हुए जरूरी सावधानियां जरूर अपनाएं।