कड़ाके की ठंड में खुद सड़कों पर उतरे DC मंजूनाथ भजंत्री, बेसहारा लोगों को बांटे कंबल

कड़ाके की ठंड में खुद सड़कों पर उतरे DC मंजूनाथ भजंत्री, बेसहारा लोगों को बांटे कंबल

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jan 03, 2026, 11:34:00 AM

रांची में तेज ठंड के बीच जिला प्रशासन ने मानवीय पहल करते हुए देर रात जरूरतमंदों तक राहत पहुंचाई। उपायुक्त-सह-जिला दंडाधिकारी मंजूनाथ भजंत्री स्वयं सड़कों पर निकले और कर्बला चौक व रांची रेलवे स्टेशन के आसपास रहने वाले बेसहारा, बुजुर्ग और गरीब लोगों को कंबल वितरित किए।

रात में मिली राहत, चेहरे पर लौटी मुस्कान
कंबल मिलने से ठंड से जूझ रहे लोगों को बड़ी राहत मिली। कई लोगों ने बताया कि कड़ाके की सर्दी में यह मदद उनके लिए किसी सहारे से कम नहीं है। राहत सामग्री पाकर उनके चेहरों पर खुशी साफ नजर आई। उन्होंने इस सहयोग के लिए राज्य सरकार और जिला प्रशासन के प्रति आभार जताया।

‘यह सिर्फ जिम्मेदारी नहीं, इंसानियत का सवाल है’
इस मौके पर उपायुक्त मंजूनाथ भजंत्री ने कहा कि ठंड से लोगों की रक्षा करना केवल प्रशासनिक दायित्व नहीं, बल्कि मानवीय कर्तव्य भी है। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि कोई भी व्यक्ति सर्दी के कारण परेशानी में न रहे। जिला प्रशासन लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और आगे भी जरूरतमंदों को कंबल समेत अन्य जरूरी सहायता उपलब्ध कराई जाती रहेगी।