कांग्रेस के प्रदर्शन से पहले पुलिस छावनी में तब्दील हुआ भाजपा कार्यालय

कांग्रेस के प्रदर्शन से पहले पुलिस छावनी में तब्दील हुआ भाजपा कार्यालय

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Jul 23, 2026, 10:37:00 AM

NEET 2026 पेपर लीक प्रकरण और नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस ने गुरुवार को पूरे देश में प्रदर्शन का आह्वान किया है। पार्टी ने विभिन्न राज्यों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश कार्यालयों के बाहर विरोध प्रदर्शन आयोजित करने की घोषणा की है। इसी कड़ी में झारखंड की राजधानी रांची में भी कांग्रेस कार्यकर्ता भाजपा के प्रदेश कार्यालय का घेराव करेंगे।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ता पहले हरमू मैदान में एकत्र होंगे। इसके बाद वहां से रैली निकालकर हरमू स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय की ओर मार्च किया जाएगा। प्रदर्शन को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है और भाजपा कार्यालय के आसपास अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।

कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई स्थानों पर बैरिकेडिंग की गई है। पुलिस की योजना है कि प्रदर्शनकारियों को भाजपा कार्यालय तक पहुंचने से पहले ही रोक दिया जाए। किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस लगातार निगरानी बनाए हुए हैं।

गौरतलब है कि एक दिन पहले बुधवार को भाजपा ने भी कांग्रेस के प्रदेश कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया था। उस दौरान दोनों दलों के कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोकझोंक देखने को मिली थी। प्रदर्शन के दौरान माहौल तनावपूर्ण हो गया था और अंडे फेंके जाने की घटनाएं भी सामने आई थीं। इसी पृष्ठभूमि में आज के कांग्रेस प्रदर्शन को लेकर प्रशासन विशेष सतर्कता बरत रहा है।