पेसा विवाद पर कांग्रेस का पलटवार, आलोक दुबे ने भाजपा पर आदिवासी अधिकारों से विमुख होने का लगाया आरोप

पेसा विवाद पर कांग्रेस का पलटवार, आलोक दुबे ने भाजपा पर आदिवासी अधिकारों से विमुख होने का लगाया आरोप

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Dec 30, 2025, 5:38:00 PM

झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमिटी के महासचिव आलोक कुमार दूबे ने पेसा कानून को लेकर भाजपा और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास पर कड़ा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा की राजनीति शुरू से ही आदिवासी समाज के हितों के विरुद्ध रही है और उसके शासनकाल में आदिवासियों की जमीन से जुड़े अधिकारों को कमजोर करने के प्रयास किए गए।

आलोक कुमार दूबे ने कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास बिना पेसा नियमावली के मसौदे को ठीक से समझे उस पर बयानबाजी कर रहे हैं। उनके अनुसार, यह रवैया दर्शाता है कि भाजपा न तो आदिवासियों के संवैधानिक अधिकारों को गंभीरता से लेती है और न ही उनकी भावनाओं के प्रति संवेदनशील है।

कांग्रेस नेता ने यह भी याद दिलाया कि झारखंड में सबसे पहले भाजपा को शासन करने का अवसर मिला और बाद में केंद्र व राज्य में “डबल इंजन” सरकार भी रही। इसके बावजूद इतने लंबे समय तक पेसा कानून को प्रभावी रूप से लागू करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्गों के अधिकारों के सवाल पर भाजपा का रिकॉर्ड हमेशा नकारात्मक रहा है। अब जब मौजूदा गठबंधन सरकार पेसा कानून को व्यवहार में लाने की दिशा में गंभीर प्रयास कर रही है, तब भाजपा भ्रम फैलाकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश कर रही है, जिसे आदिवासी समाज स्वीकार नहीं करेगा।

आलोक कुमार दूबे ने स्पष्ट किया कि कांग्रेस पार्टी आदिवासियों के जल, जंगल और जमीन से जुड़े अधिकारों की सच्ची समर्थक रही है और संविधान से मिले अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी हर मंच पर संघर्ष जारी रखेगी।