झारखंड में ठंड का प्रकोप जारी, रांची समेत नौ जिलों का तापमान 10 डिग्री से नीचे, कोहरे से जनजीवन प्रभावित

झारखंड में ठंड का प्रकोप जारी, रांची समेत नौ जिलों का तापमान 10 डिग्री से नीचे, कोहरे से जनजीवन प्रभावित

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Dec 19, 2025, 1:11:00 PM

झारखंड में सर्दी अब अपना असर साफ दिखाने लगी है। धूप ढलते ही ठिठुरन बढ़ रही है और सुबह-शाम ठंड का तीखापन महसूस किया जा रहा है। राजधानी रांची में न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी जरूर दर्ज की गई है, लेकिन इसके बावजूद पारा 6.3 डिग्री सेल्सियस तक ही पहुंच सका है। पूरे राज्य में ऐसे नौ जिले हैं, जहां रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। इसके साथ ही दिन के तापमान में भी गिरावट देखी जा रही है।

बीते 24 घंटे के दौरान पश्चिमी सिंहभूम के चाईबासा में अधिकतम तापमान 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं कई अन्य जिलों में दिन के समय भी ठंड का असर कम नहीं हो रहा है।

आठ जिलों में घना कोहरा, येलो अलर्ट जारी
मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार राज्य के आठ जिलों में सुबह के समय घना कोहरा छाया रहा। इनमें गढ़वा, पलामू, चतरा, लातेहार, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह और देवघर शामिल हैं। कम दृश्यता को देखते हुए वाहन चालकों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। हालात को ध्यान में रखते हुए इन जिलों के लिए येलो अलर्ट भी जारी किया गया है।

कोहरे का असर दृश्यता पर साफ नजर आया। डाल्टनगंज में विजिबिलिटी घटकर 150 मीटर तक पहुंच गई, जबकि देवघर में यह लगभग 200 मीटर रिकॉर्ड की गई। खराब दृश्यता और तकनीकी कारणों के चलते रांची एयरपोर्ट पर भी उड़ानों का संचालन प्रभावित हुआ। 18 नवंबर को इंडिगो की 20 उड़ानें और एयर इंडिया की 9 उड़ानें विलंब से पहुंचीं, जबकि तीन विमानों को रद्द करना पड़ा।

नौ जिलों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे
राज्य के जिन नौ जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री से कम दर्ज किया गया है, उनमें रांची, डाल्टनगंज, कोडरमा, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, लातेहार, लोहरदगा और सिमडेगा शामिल हैं। रांची के बाद सबसे ठंडा जिला गुमला रहा, जहां न्यूनतम तापमान 6.9 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। इसके अलावा खूंटी और लोहरदगा में 7.6 डिग्री, हजारीबाग में 8.6 डिग्री, लातेहार में 8.7 डिग्री, सिमडेगा में 9.1 डिग्री, कोडरमा में 9.3 डिग्री और डाल्टनगंज में 9.8 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।

अधिकतम तापमान भी गिरा, धूप में भी ठंड का एहसास
मौसम केंद्र की 19 दिसंबर की सुबह जारी रिपोर्ट के अनुसार लातेहार में अधिकतम तापमान 18.6 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया, जिससे दिन में भी ठंड महसूस हो रही है। इसके अलावा राज्य के 10 अन्य जिलों में अधिकतम तापमान 25 डिग्री से नीचे, कहीं 22.2 डिग्री तक दर्ज किया गया है। इन जिलों में रांची, डाल्टनगंज, बोकारो, कोडरमा, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, लोहरदगा, सिमडेगा और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं।

मौसम विभाग के मुताबिक आने वाले दिनों में ठंड और कोहरे का असर बना रह सकता है, ऐसे में लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है।