झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन इन दिनों विदेश यात्रा पर हैं, जहां वे राज्य में निवेश आकर्षित करने के उद्देश्य से विभिन्न अंतरराष्ट्रीय बैठकों और कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं। इसी वजह से वे 26 जनवरी को दुमका में आयोजित होने वाले गणतंत्र दिवस समारोह में शामिल नहीं हो सकेंगे।
इधर, संथाल परगना प्रमंडल में आयुक्त का पद पिछले लगभग तीन महीनों से रिक्त चल रहा है। इन परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने इस बार दुमका के उपायुक्त अभिजीत सिन्हा को राज्य स्तरीय समारोह में ध्वजारोहण की जिम्मेदारी सौंपी है। मुख्य समारोह दुमका के पुलिस लाइन मैदान में आयोजित किया जाएगा।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मुख्यमंत्री की अनुपस्थिति के बावजूद कार्यक्रम की भव्यता और गरिमा में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। तैयारियों को अंतिम रूप देने के क्रम में शनिवार को पुलिस लाइन मैदान में परेड की फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई, जहां हर स्तर पर व्यवस्थाओं की गहन समीक्षा की गई।
रिहर्सल के दौरान उप विकास आयुक्त अनिकेत सचान और पुलिस अधीक्षक पीतांबर सिंह खेरवार ने संयुक्त रूप से परेड का निरीक्षण किया और संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश देते हुए व्यवस्थाओं को और चुस्त-दुरुस्त करने पर जोर दिया।