झारखंड स्थापना दिवस पर उलिहातू जायेंगे CM हेमंत और केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव

झारखंड स्थापना दिवस पर उलिहातू जायेंगे CM हेमंत और केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव

By : स्वराज पोस्ट | Edited By: Urvashi
Updated at : Nov 13, 2025, 2:05:00 PM

15 नवंबर को झारखंड में दो ऐतिहासिक अवसर मनाए जाएंगे – भगवान बिरसा मुंडा की 150वीं जयंती और राज्य स्थापना की 25वीं वर्षगांठ। इस मौके पर केंद्रीय जनजातीय मंत्री जुएल उरांव और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन भगवान बिरसा मुंडा की जन्मस्थली उलिहातू में आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होंगे। यहां जयंती और राज्य स्थापना से जुड़े विभिन्न सांस्कृतिक और औपचारिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

जिले की प्रशासनिक तैयारियों का जायजा लेने के लिए डीसी आर. रॉनीटा ने अधिकारियों के साथ उलिहातू का दौरा किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यक्रम स्थल पर टेंट, अतिथियों के बैठने की व्यवस्था, हेलीपैड, पार्किंग, सुरक्षा, पेयजल, विद्युत और अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की समीक्षा की। डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं ताकि कार्यक्रम सुचारू रूप से आयोजित हो।

डीसी आर. रॉनीटा ने भगवान बिरसा मुंडा के वंशजों से भी मुलाकात की और उन्हें कार्यक्रम संबंधी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि यह अवसर झारखंड की संस्कृति और भगवान बिरसा मुंडा की महान विरासत को याद करने का गौरवपूर्ण मौका है। उन्होंने सभी विभागों से अपील की कि आपसी समन्वय के साथ सभी तैयारियां पूरी की जाएं और कार्यक्रम सफल हो।

इस निरीक्षण में एसपी मनीष टोप्पो, डीडीसी आलोक कुमार, डीएसपी वरुण रजक, परियोजना निदेशक आइटीडीए, जिला कल्याण पदाधिकारी, कार्यपालक अभियंता भवन निर्माण विभाग, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद थे।